फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में पारिवारिक फटकार से आहत एक 14 वर्षीय किशोर घर छोड़कर चला गया। हालांकि पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते 24 दिन बाद उसे महाराष्ट्र के बुलढाना जिले से सकुशल बरामद कर लिया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। सोमवार को मामले की जानकारी देते हुए प्रशिक्षु डीएसपी अकरम रजा ने बताया कि किशोर सीतारामडेरा थाना क्षेत्र का निवासी है और 9 जनवरी को साकची इलाके से लापता हो गया था। शुरुआत में परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 14 जनवरी को पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने साकची और टाटानगर स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में किशोर साकची से टाटानगर स्टेशन जाते और वहां से ट्रेन में सवार होते नजर आया। आगे की तकनीकी जांच और रेलवे से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि किशोर महाराष्ट्र पहुंच गया है। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे बुलढाना से बरामद कर लिया गया।
डीएसपी ने बताया कि किशोर ने अपने पिता के बैंक खाते से रुपये की हेराफेरी की थी। जब इसकी जानकारी पिता को हुई तो उन्होंने उसे डांट-फटकार लगाई। इसी बात से आहत होकर किशोर घर छोड़कर निकल गया था। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर को सुरक्षित रूप से परिजनों के हवाले कर दिया है। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और सहयोग के लिए आभार जताया है।


