फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में करनडीह फाटक के समीप नाली जाम एवं जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य श्रीमती पूर्णिमा मल्लिक एवं क्षेत्र की मुखिया सिनी सोरेन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने करनडीह फाटक क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
मांग पत्र में बताया गया कि करनडीह फाटक के समीप वर्षों पुरानी नाली बंद होने के कारण क्षेत्र में जलनिकासी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। परिणामस्वरूप सड़कों पर गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि करनडीह से परसुडीह, प्रमथनगर, हलुदबनी एवं सरजामदा को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। जलजमाव के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसके अलावा आसपास के घरों, दुकानों एवं मंदिर परिसर के लोगों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मल्लिक ने कहा कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इसका स्थायी समाधान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपायुक्त से जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश देने का आग्रह किया।
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और मामले में जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सेवा ही लक्ष्य संस्था के अध्यक्ष मानिक मल्लिक, संजय सिंह, संजय बरनवाल, राजू दास सहित अन्य स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा कि समस्या का समाधान होने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी।

