मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रबुद्धजन सम्मेलन को करेंगे संबोधित, भाजपा की सभी तैयारियां हुई पूरी

फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे मंगलवार को जमशेदपुर दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने उनके कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा ’12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ विषय पर प्रबुद्धजन सम्मेलन में बतौर मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेंगे और विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे।

बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन के पारीख सभागार में संध्या 5:30 बजे से आयोजित होने वाले इस सम्मेलन के जरिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, परिवर्तन और विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो एवं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेतागण भी मौजूद रहेंगे।

इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। प्रबुद्धजन सम्मेलन के माध्यम से इन उपलब्धियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं एवं शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्यमियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य प्रबुद्ध नागरिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

सिन्हा ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के जमशेदपुर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा संध्या 4:30 बजे टाटानगर रेलवे स्टेशन चौक पर स्वागत किया जाएगा। इसके उपरांत वे प्रबुद्धजन सम्मेलन में भाग लेंगे। जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने शहर के सभी प्रबुद्ध नागरिकों से सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version