काले ने नौजवानों से की अपील, नशामुक्त और चरित्रवान बनें, यही सच्ची श्रद्धांजलि 

फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर में मां भारती के अमर सपूत, अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक चंद्रशेखर आज़ाद के शहादत दिवस पर नमन परिवार द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन साकची में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने किया।

इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आजाद जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

अपने संबोधन में अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद केवल एक नाम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और अदम्य संघर्ष की जीवंत प्रेरणा हैं। उनका त्याग, अटूट संकल्प और अमर बलिदान हम सभी को राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए सेवा और समर्पण के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने की प्रेरणा देता है। देश के प्रति अटूट निष्ठा ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

आजाद का बलिदान स्वतंत्रता संग्राम का स्वर्णिम अध्याय : निशान सिंह

साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह ने कहा कि आजाद जी का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उनका संघर्ष हमें सिखाता है कि राष्ट्रहित से बड़ा कुछ भी नहीं।

युवाओं के लिए साहस और स्वाभिमान की अमर प्रेरणा हैं आजाद : बृजभूषण सिंह

वरिष्ठ पत्रकार बृजभूषण सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का जीवन युवाओं के लिए अद्वितीय प्रेरणा है। उन्होंने अपने साहस, आत्मसम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण से सिद्ध किया कि सच्चा देशभक्त कभी परिस्थितियों से समझौता नहीं करता।

अंतिम सांस तक राष्ट्रनिष्ठा का संकल्प – सच्चे सैनिक का प्रतीक : वरुण कुमार

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संस्थापक वरुण कुमार ने कहा कि एक सच्चे सैनिक की भांति आजाद ने अंतिम क्षण तक मातृभूमि की रक्षा का संकल्प निभाया। उनका जीवन साहस, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा का जीवंत उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश राय, साहित्यकार बलविंदर सिंह, मधुलिका मेहता, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष भाजपा नीरू सिंह, स्वदेशी जागरण मंच की अनीता सिंह, अधिवक्ता स्वाती मित्रा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन जूगुन पांडे ने किया।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version