ग्रेड रिवीजन के बाद एनोमली कमेटी गठन, मैनपावर भर्ती, क्वार्टर, लंबित प्रमोशन और स्थायी प्रकृति के कामों में वेंडर कर्मचारियों की नियुक्ति पर भी हुई चर्चा
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के टाटा स्टील टिनप्लेट डिवीजन में कर्मचारी पुत्रों की बहाली होगी या उन्हें अभी और इंतजार करना पड़ेगा? यह सवाल शुक्रवार को टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी समिति की बैठक में प्रमुखता से उठा। बैठक में कर्मचारी पुत्रों को रोजगार में प्राथमिकता देने, विभिन्न विभागों में मैनपावर की कमी दूर करने और स्थायी प्रकृति के कार्यों में वेंडर कर्मचारियों की बढ़ती नियुक्ति पर गंभीर चिंता जताई गई।

टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी समिति की बैठक यूनियन कार्यालय में अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत संगठन एवं कंपनी के हित में योगदान देने वाले दिवंगत और बिछड़े साथियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
इसके बाद यूनियन के आय-व्यय का लेखा-जोखा और सावधि जमा खातों (फिक्स्ड डिपॉजिट) से संबंधित जानकारी कार्यकारिणी सदस्यों के समक्ष रखी गई, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
ग्रेड रिवीजन और बोनस समझौते पर नेतृत्व को बधाई
बैठक में हाल ही में हुए नए ग्रेड रिवीजन एवं बोनस समझौते के लिए कार्यकारिणी सदस्यों ने यूनियन नेतृत्व की सराहना की। सदस्यों ने तालियां बजाकर यूनियन पदाधिकारियों और टाटा स्टील प्रबंधन के प्रति आभार जताया।
साथ ही कंपनी में कर्मचारी पुत्रों को रोजगार उपलब्ध कराने और कर्मचारियों के समयबद्ध प्रमोशन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई। सदस्यों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी यूनियन और प्रबंधन के बेहतर समन्वय से कर्मचारी हित में सकारात्मक पहल जारी रहेगी।
कर्मचारी पुत्रों की बहाली और मैनपावर का मुद्दा सबसे अहम
बैठक में विभिन्न विभागों में मैनपावर की कमी को जल्द दूर करने की मांग उठाई गई। विशेष रूप से टाटा स्टील लिमिटेड, टिनप्लेट डिवीजन में कर्मचारी पुत्रों की भर्ती को प्राथमिकता देने की मांग की गई।
CRM-3 में आवश्यक मैनपावर की जल्द भर्ती शुरू करने और इसमें कर्मचारी पुत्रों को प्राथमिकता देने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया।
कार्यकारिणी सदस्यों ने यह भी मांग की कि टाटा टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड के माध्यम से भर्ती करने के बजाय टिनप्लेट डिवीजन में कर्मचारी पुत्रों को सीधे टाटा स्टील लिमिटेड के अंतर्गत रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
स्थायी कामों में वेंडर कर्मचारियों की नियुक्ति पर चिंता
बैठक में इस बात पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई कि कंपनी के कई विभागों में स्थायी प्रकृति के कार्यों में वेंडर कर्मचारियों को लगाया जा रहा है। कार्यकारिणी सदस्यों का कहना था कि यदि इस पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में कंपनी के अपने विभागों और स्थायी रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं।
सदस्यों ने इस मुद्दे को कर्मचारी हित और रोजगार सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए प्रबंधन के समक्ष प्राथमिकता से उठाने की बात कही।
ग्रेड रिवीजन के बाद एनोमली कमेटी बनाने की मांग
कार्यकारिणी बैठक में कहा गया कि नए ग्रेड रिवीजन के बाद अभी तक एनोमली कमेटी का गठन नहीं हुआ है। मांग की गई कि जल्द से जल्द कमेटी गठित कर ग्रेड रिवीजन से संबंधित विसंगतियों और खामियों का समाधान किया जाए।
साथ ही ग्रेड रिवीजन के बाद कर्मचारियों की छुट्टियों के समायोजन को लेकर स्पष्ट और आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
NS-9 के बाद NS-12 तक ग्रेड संरचना में विस्तार और कर्मचारियों के करियर ग्रोथ के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर भी विचार करने की मांग की गई।
लंबित प्रमोशन और सीनियरिटी का मुद्दा भी उठा
बैठक में कई विभागों में कर्मचारियों के प्रमोशन लंबित रहने का मामला उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि प्रमोशन में देरी के कारण कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। सभी पात्र कर्मचारियों का समयबद्ध प्रमोशन सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इसके अलावा अपर लेवल प्रमोशन में कर्मचारियों की सीनियरिटी को उचित महत्व देने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी रखने की भी मांग रखी गई।
10 नंबर बस्ती के कर्मचारियों के लिए क्वार्टर और बिजली-पानी कनेक्शन का मामला
कार्यकारिणी सदस्यों ने 10 नंबर बस्ती में रहने वाले कर्मचारियों को कंपनी क्वार्टर की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने की मांग की।
इसके अलावा वहां रह रहे ऑन-रोल कर्मचारियों को बिजली एवं पानी का कनेक्शन लेने के लिए जमा करनी पड़ने वाली सिक्योरिटी मनी माफ करने की भी मांग की गई। नए कर्मचारियों को जल्द से जल्द कंपनी क्वार्टर आवंटित करने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।
हर तीन महीने में चीफ के साथ बैठक की मांग
बैठक में टिनप्लेट डिवीजन के चीफ के साथ यूनियन कार्यकारिणी सदस्यों की प्रत्येक तीन महीने में बैठक आयोजित करने की मांग की गई, ताकि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर समय रहते चर्चा और समाधान हो सके।
कई दिनों से डिपार्टमेंटल हेड और कमिटी मेंबर्स के साथ बैठक नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। इसे पुनः नियमित रूप से शुरू करने की मांग की गई।
कैंटीन, छुट्टी और TMH में प्रवेश की समस्या भी रखी
प्लांट में कर्मचारियों को कैंटीन जाने में हो रही परेशानियों तथा कई स्थानों पर छुट्टी लेने में आने वाली दिक्कतों को भी बैठक में उठाया गया। वहीं, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए TMH जाने वाले यूनियन पदाधिकारियों और आवश्यक प्रतिनिधियों को उचित यूनियन आईडी कार्ड जारी करने की मांग की गई, ताकि सुरक्षा जांच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
टाटा टेक्निकल सर्विसेज कर्मचारियों को यूनियन सदस्यता देने की मांग
टिनप्लेट डिवीजन में कार्यरत टाटा टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड के कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए उचित प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी उठाया गया।
अध्यक्ष से आग्रह किया गया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर इन कर्मचारियों को टिनप्लेट यूनियन की सदस्यता प्रदान करने की दिशा में पहल की जाए, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान यूनियन के माध्यम से हो सके।
बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों ने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों के अधिकार, रोजगार सुरक्षा, कर्मचारी पुत्रों की बहाली, मैनपावर, प्रमोशन, क्वार्टर, ग्रेड संबंधी विसंगतियों और कार्यस्थल की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर प्रबंधन के समक्ष उठाया जाना चाहिए।
यूनियन नेतृत्व ने कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारी हित में उचित पहल करने का आश्वासन दिया।
ये पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
बैठक में अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, उपाध्यक्ष परविंदर सिंह सोहल, महामंत्री मनोज कुमार सिंह, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट साईं बाबू राजू, वाइस प्रेसिडेंट वकील खान, जगजीत सिंह, सहायक सचिव संजय कुमार, अमृत कुमार झा, निरंजन महापात्र, विनय कुमार साहू, कोषाध्यक्ष संग्राम किशोर दास, सह-कोषाध्यक्ष सूर्यभूषण शर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य मुन्ना खान, कलाम नबी खान, सुजीत कुमार दास, राकेश कुमार दिलबागी, नवल किशोर सिंह, सुकेश कुमार मिश्रा, गजराज सिंह, कुंदन कुमार सिंह, नवजोत सिंह सोहल, अनिल कुमार, अमरजीत सिंह, अभियानन्द कुमार, जयपाल सिंह, चंदन कुमार तिवारी, विशाल कुमार तिवारी समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।



































