फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत रामकृष्ण मिशन स्कूल के समीप बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई। स्कूल के पीछे स्थित एक सुनसान गली में पड़े शव को सबसे पहले स्थानीय लोगों ने देखा। शव देखे जाने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल इसकी जानकारी टेल्को थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने एक शॉल बरामद की है, वहीं आसपास फैले खून के नमूनों को भी साक्ष्य के तौर पर इकट्ठा किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी शव की पहचान जोड़ने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस गली में शव मिला है, वह इलाका काफी सुनसान रहता है और सुबह के समय भी वहां आवाजाही कम होती है। आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में ही युवक की हत्या कर शव को वहां फेंका गया होगा।
