फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर द्वारा संचालित 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को मोबाइल विधिक जागरूकता वैन सुंदरनगर पहुंचा। इस दौरान सुंदरनगर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नांदुप में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्कूली बच्चों को कानून, उनके अधिकारों और कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य योगिता कुमारी सहित डालसा के पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) ने बच्चों और स्थानीय लोगों को विधिक सहायता सेवाओं एवं नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका, निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए उपलब्ध कानूनी सेवाओं की जानकारी साझा की।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान घरेलू हिंसा, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल संरक्षण, गुड टच-बैड टच, चाइल्ड ट्रैफिकिंग, नशा उन्मूलन तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, शोषण या अपराध की स्थिति में वे किस प्रकार कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

इस अभियान में डालसा पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, सुनील पांडेय, अरुण रजक, ग्लोरिया पूर्ति, सीमा देवी, बालेश्वर दास, जयंतो नंदी, रीना तिवारी, रामकंडे मिश्रा, चैतन्य नायक, सूरज कुमार और निलेश पाल ने सक्रिय भूमिका निभाई।

विद्यालय कार्यक्रम के अलावा डालसा की मोबाइल वैन ने करणडीह ब्लॉक परिसर स्थित आधार स्थायी केंद्र, करणडीह चौक, सुंदरनगर यात्री पड़ाव, तुरामडीह, कुदादा सहित विभिन्न स्थानों पर भी पहुंचकर आम नागरिकों के बीच विधिक जागरूकता अभियान चलाया। अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक कानूनी जानकारी पहुंचाना और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version