फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया. उन्होंने बेंगलुरु में कहा मैंने पहले ही कहा था कि हाईकमान जब कहेगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा. कल हाईकमान ने कहा और आज मैंने इस्तीफा दे दिया. उन्होंने बताया कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत के सचिव को इस्तीफा सौंपा है. गहलोत फिलहाल पारिवारिक कारणों से बेंगलुरु से बाहर हैं.

सिद्धमोरिया का आशीर्वाद लेते सीएम के नए चेहरे डीके शिव कुमार

इस दौरान डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार भी मौजूद थे. इससे पहले सिद्धारमैया ने अपने घर पर मंत्रियों के साथ बैठक की और फैसले की जानकारी दी. बैठक के दौरान डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छुए, जिसके बाद दोनों गले मिले. वहीं, राज्य सरकार में मंत्री एचके पाटिल ने बताया कि डीके शिवकुमार के नाम पर सहमति बन गई है. अब वही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे.

नियमानुसार राज्यपाल राज्य में मौजूद न हों तब भी मुख्यमंत्री लिखित इस्तीफा राजभवन के अधिकारियों को ई-मेल से या खुद जाकर दे सकते हैं. राज्यपाल बाद में उसे स्वीकार करते हैं. इस्तीफा मंजूर होने तक मौजूदा सीएम ही पद पर रहेंगे. सिद्धारमैया ने अपने कार्यकाल पर कहा- हमने अपने घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम किया है. 2013 में, हमने 163 वादे किए थे, जिनमें से हमने 158 वादे पूरे किए हैं.

2023 में, हमने 550 से अधिक वादे किए. जिनमें से हमने 300 वादे पूरे किए हैं. इसके अलावा, हमने 5 गारंटी योजनाओं की घोषणा की है, जिन्हें हमने पहले ही वर्ष में पूरा कर दिया है. इससे पूर्व 26 मई को सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दिल्ली पहुंचे थे. दोनों नेताओं की मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकर्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी के साथ 6 घंटे तक बैठक हुई.

कर्नाटक के कानून मंत्री एचके पाटिल ने गुरुवार को कहा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उन्हें और अन्य मंत्रियों को पद छोड़ने के अपने फैसले से अवगत कराया और यह भी बताया कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे. संसदीय कार्य मंत्री का भी पद संभाल रहे पाटिल ने सिद्धरमैया के आधिकारिक आवास पर जलपान के दौरान हुई बैठक में हिस्सा लेने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री दोपहर बाद इस्तीफा सौंपने लोक भवन जाएंगे और यह नेतृत्व परिवर्तन कांग्रेस के आलाकमान के निर्देशों के अनुरूप है.

मंत्री ने कहा, “मुख्यमंत्री ने आलाकमान के साथ हुई चर्चा का हवाला देते हुए कहा है कि वह इस्तीफा देंगे. पार्टी के भीतर कहीं कोई असहमति नहीं है. यह सर्वसम्मति से लिया गया फैसला है और आलाकमान ने जो कहा है, उस पर सभी सहमत हैं. उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी नेतृत्व ने कहा कि शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे और इस संबंध में विधायक दल की बैठक में उचित प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version