फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष और पद्मभूषण सम्मानित कड़िया मुंडा को सांस लेने में तकलीफ होने पर रांची के ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, उन्हें ठंड लगने के बाद सांस लेने में परेशानी हुई थी. फिलहाल वे आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में हैं और बातचीत कर रहे हैं.
डॉक्टरों की निगरानी में स्वास्थ्य में सुधार
जांच में निमोनिया के शुरुआती लक्षण पाए गए थे. चिकित्सकों के अनुसार कड़िया मुंडा की हालत अब स्थिर है. उन्हें कुछ दिनों तक पर्यवेक्षण में रखा जाएगा.
जेपी नड्डा ने जाना हालचाल
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कड़िया मुंडा से फोन पर बातचीत कर हालचाल जाना. उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. कड़िया मुंडा के पुत्र अमर मुंडा ने बताया कि गुरुवार सुबह ठंड बढ़ने की वजह से सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें एहतियातन अस्पताल लाया गया। अब स्वास्थ्य में सुधार है.
उन्होंने यह भी बताया कि कड़िया मुंडा आम वाहन से ही अस्पताल पहुंचे, किसी विशेष प्रोटोकॉल का उपयोग नहीं किया. राज्य के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें अर्जुन मुंडा भी शामिल हैं, ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल जाना.
