फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड की प्रतिभा और यहाँ की ख़ूबसूरत वादियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से एक नई वेब सीरीज़ ‘इंसानियत के दुश्मन’ के शूटिंग की तैयारी चल रही है। ‘मल्टीफीलिक्स’ एवं ‘सुधा सिने मूवीज़ प्राइवेट लिमिटेड’ के बैनर तले निर्माणाधीन सीरीज़ जल्द ही दिल्ली दूरदर्शन के प्रसिद्ध ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘वेब्स ओटीटी’ (WAVES OTT) पर दर्शकों के बीच होगी। इस वेबसीरीज़ को रांची दूरदर्शन से भी प्रसारित करने की बात चल रही है।
इस सीरीज़ की सबसे ख़ास बात यह है कि इसमें 90% कलाकार झारखंड से ही लिए गए हैं। निर्माता सिराज अहमद (मल्टीफीलिक्स) और निर्मात्री शबनम राज (सुधा सिने मूवीज़ प्राइवेट लिमिटेड) ने स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता देकर क्षेत्रीय सिनेमा और कला को एक नई ऊंचाई देने का प्रयास किया है।
‘इंसानियत के दुश्मन’ समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, अपराध और गिरते नैतिक मूल्यों पर प्रहार करती है। यह कहानी एक सेवानिवृत्त मेजर रूद्र प्रताप सिंह की है, जो बार्डर पर देश के रक्षा के लिए 35 वर्ष तैनात रहे और अपने गृहनगर आने के बाद समाज में बहुत तरह की कठिनाइयों से गुज़रने को मजबूर हो जाते हैं। यह कहानी उन लोगों के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपने स्वार्थ के लिए मानवता को दांव पर लगा देते हैं।
इस वेब सीरीज़ में दिखाया जायेगा कि कैसे कुछ रसूखदार लोग आम जनता का शोषण करते हैं और अंततः कानून और इंसाफ की जीत कैसे होती है। भाई-भाई और बाप-बेटे के बीच वसूलों की लड़ाई को भी बख़ूबी से दर्शाया गया है। यह सीरीज़ सस्पेंस, ड्रामा और सामाजिक संदेश से भरपूर है। यह वेबसीरीज़ कुल 26 एपिसोडों का है। इसके प्रति एपिसोड की अवधि-30 मिनट हैं।
बहुमुखी प्रतिभा के धनी प्रभात राज ने इस सीरीज़ में ‘वन मैन आर्मी’ की भूमिका निभाई है। सीरीज़ के लेखक, पटकथा, संवाद और गीत भी उन्हीं के कलम से निकले हैं। इस वेब सीरीज़ के निर्देशन की बात करें तो प्रभात राज और बॉलीवुड निर्देशक तरूण मोहम्मद कर रहे है। इस सीरीज़ की विज़ुअल्स क्वालिटी को बेहतरीन बनाने के लिए डीओपी संदीप गुप्ता (बनारस) और पियूष राज को ज़िम्मेदार दी गई है और मेकअप मैन (मुंबई) के रूप में शंकर दास हैं। सम्पादन का काम माही राज को सौंपा गया है। इसके अलावा इस वेबसीरीज़ की कास्टिंग बॉलीवुड के कास्टिंग डायरेक्टर रंजीत जौहरी कर रहे हैं।
इस वेबसीरीज़ में मुख्य भूमिकाओं में सिराज अहमद, देवेश खान, रमेश गोयल ( मुंबई), राहुल सिंह (मुंबई), रीना सहाय, प्रभात राज, नवीन मोहंती, ऋषभ कुमार, मुरारी लाल गुप्ता, शशिभूषण सिन्हा, कुमकुम गौड़, उमा बड़ाईक, राजश्री जयंती, सुमन सिंह, रंजीत बिहारी, करूणा सिंह, अरूण हाजरा, और सुभाष सिन्हा नज़र आने वाले हैं। इसके अलावा बॉलीवुड के संभावित कलाकारों में रजा मुराद, अली खान, सीमा परिहार आदि शामिल हैं।

