हत्या की साजिश रचने की योजना को पूर्व में ही भांप गए थे कन्हैया यादव, थाना को भी दी थी सूचना, लेकिन… गोलमुरी पुलिस ने नहीं लिया एक्शन

फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई गोली चालन की घटना के बाद बुधवार रात परिजनों और समाज के लोगों ने गोलमुरी थाने का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन हाय-हाय के नारे लगाए और कार्रवाई में तेजी लाने की मांग की.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अड़े लोग

मौके पर मौजूद डीएसपी सिटी सुनील कुमार चौधरी ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. परिजनों का आरोप है कि घटना के मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. उनका कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए क्यूआरटी की भी तैनाती की गई.

परिजनों के अनुसार, हाल ही में हुई मारपीट मामले के बाद कन्हैया को अपने खिलाफ साजिश रचे जाने की जानकारी मिल गई थी. साथियों ने उसे घर से बाहर न निकलने की सलाह दी थी. इसके बावजूद कन्हैया ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, कि बिल्ला पाठक से उसकी जान को खतरा है. आरोप है कि पुलिस ने इस शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद कन्हैया की हत्या कर दी गई.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version