फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 (जे-टेट) में जनजातीय भाषा भूमिज को पुनः शामिल कर लिया गया है। यह निर्णय पोटका के विधायक संजीव सरदार के लगातार प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। इस संबंध में झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (प्राथमिक शिक्षा निदेशालय) द्वारा अधिसूचना संख्या 487/26.03.2026 जारी कर दी गई है, जिससे भूमिज समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है।
विधायक संजीव सरदार के लगातार प्रयास से मिला परिणाम
तेंतला में आयोजित पत्रकार वार्ता में भूमिज विशेषज्ञ हरिश चंद्र सिंह भूमिज, जुड़ी पंचायत के मुखिया सुकलाल सरदार एवं भारतीय आदिवासी भूमिज समाज के प्रदेश अध्यक्ष रथु सिंह सरदार ने बताया कि जे-टेट 2012 और 2016 के बाद भूमिज भाषा को परीक्षा से हटा दिया गया था। इस मामले को लेकर विधायक संजीव सरदार ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों से लगातार संवाद और पत्राचार किया। साथ ही विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी उन्होंने इस मुद्दे को मजबूती से उठाया, जिसके बाद यह निर्णय संभव हो सका।
भूमिज युवाओं को मिलेगा बड़ा अवसर
भूमिज समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि अब समाज के शिक्षित युवा अपनी मातृभाषा भूमिज में परीक्षा देकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकेंगे। इसके लिए रांची, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों को परीक्षा केंद्र के रूप में नामित किया गया है। इस निर्णय से समाज के युवाओं में उत्साह का माहौल है और इसे उनके शैक्षणिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
आभार जताने की तैयारी में समाज, दिवंगत मंत्री को भी किया याद
भूमिज समाज ने इस उपलब्धि के लिए विधायक संजीव सरदार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही तत्कालीन शिक्षा मंत्री दिवंगत रामदास सोरेन के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समाज के लोगों ने बताया कि जल्द ही स्वागत एवं आभार यात्रा निकालकर विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, विधायक समीर कुमार महंती एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता मे मुख्य रूप से सतीश सरदार, पंसस मंजु सरदार, रामेश्वर सरदार, अमल सिंह, मनोरंजन सरदार, ईश्वरलाल सरदार, भृगुराम सरदार, अरूप सरदार, कृष्ण सिंह सरदार, विष्णु पद सरदार, सागर सरदार, लाल सरदार, अशीष सरदार आदि उपस्थित थे.



