फतेह लाइव, रिपोर्टर.
रेलवे सुरक्षा बल, रांची द्वारा कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन सतर्क के अंतर्गत 3 अप्रैल को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई। आरपीएफ पोस्ट रांची एवं फ्लाइंग टीम रांची, पोस्ट कमांडर रांची के पर्यवेक्षण में रांची रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध वस्तुओं के विरुद्ध सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस में शाम कोच संख्या A-1 के सीट संख्या 31 पर एक संदिग्ध व्यक्ति को एक काले रंग के ट्रॉली बैग एवं एक काले रंग के पिट्ठू बैग के साथ देखा गया।
संदेह के आधार पर उक्त व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम राजेंद्र सिंह (उम्र लगभग 72 वर्ष), पिता- स्व. यादुबीर सिंह, निवासी- दाउलतपुर, थाना- फतुहा, जिला- पटना (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 18 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹14,000/- आंकी गई।
पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने स्वीकार किया कि उसने यह शराब रांची के रातू क्षेत्र से खरीदी थी और ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस से बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने का इरादा था। इसके उपरांत उक्त व्यक्ति को उतारकर जब्ती की कार्रवाई की गई तथा उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे एवं जब्त सामग्री को शनिवार को आगे की कार्रवाई हेतु उसे आबकारी विभाग, रांची के समक्ष प्रस्तुत किया
इस सराहनीय कार्य में जिन अधिकारी एवं कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही. उनमें उप निरीक्षक सूरज पांडेय, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार, स्टाफ डी. प्रसाद एवं आर.के. सिंह शामिल हैं.

