आरपीएफ उड़नदस्ता टीम को मिली सफलता, ओड़िशा से जारी है गांजा तस्करी, रांची से पकड़ाए युवक युवती के खोले राज
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
चक्रधरपुर रेल मंडल रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. शंकर कुटी के आदेश पर गुरुवार 12 फरवरी की रात्रि में आरपीएफ उड़नदस्ता दल ने ने दो गांजा तस्करों को 16 किलो अवैध गांजा के साथ पकड़ा. पकड़े गए व्यक्तियों का नाम तबरेज आलम एवं नेयाज अहमद है. दोनों पश्चिमी चंपारण बेतिया क्षेत्र भीतहा थाना अंतर्गत गांव के रहने वाले हैं.
बेतिया में होनी थी गांजा की डिलीवरी
उक्त गांजा को दोनों समलेश्वरी एक्सप्रेस से रूपरा रोड स्टेशन से टाटानगर रेलवे स्टेशन लाए थे और यहां से ट्रेन पड़कर पटना के रास्ते बेतिया जाना था. यह सारी कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल के ऑपरेशन नारकोस के तहत की गई है. पकड़े गए गांजा की कीमत लगभग 8 लाख रुपए है.

रोहतास में छोटू सिंह और बिट्टू चंद्रवंशी को पहुंचाना था गांजा
राँची मण्डल के मण्डल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देशानुसार आरपीएफ राँची बेहद सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रही है. उसी क्रम में रांची रेलवे स्टेशन पर सघन जांच की जा रही थी. ट्रेन संख्या 15027 एक्सप्रेस के रांची स्टेशन आगमन के उपरांत प्लेटफार्म संख्या 1 पर एक पुरुष एवं एक महिला संदिग्ध एवं घबराई हुई अवस्था में बैठे पाए गए.
युवक और युवती एक ही गांव के
संदेह के आधार पर पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम राजू कुमार, उम्र लगभग 29 वर्ष, पिता लल्लू सिंह, निवासी गिरधरपुर, थाना करगहर, जिला रोहतास (बिहार) तथा युवती ने अपना नाम छोटी कुमारी, उम्र लगभग 21 वर्ष, पिता गोपाल कहार, निवासी सोनाडीह, थाना करगहर, जिला रोहतास (बिहार) बताया. उनके पास रखे बैग के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि उनके बैग में प्लास्टिक में लिपटा हुआ गांजा रखा है.
18 पैकेट में था नौ लाख का गांजा
तत्पश्चात मामले की सूचना अशोक कुमार सिंह, सहायक सुरक्षा आयुक्त राँची को दी गई, जो मौके पर पहुंचे. उनके निर्देशानुसार विधि सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए दोनों व्यक्तियों की व्यक्तिगत तलाशी एवं बैग की जांच की गई. जांच के दौरान राजू कुमार के पास से भूरे प्लास्टिक में लिपटे गांजे के 10 पैकेट तथा छोटी कुमारी के पास से 8 पैकेट बरामद किए गए. मौके पर वजन करने पर कुल 18 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹9,00,000/- आंकी गई है.
रांची जीआरपी को किया गया सुपुर्द
पूछताछ में उन्होंने बताया कि उक्त गांजा एवं रेलवे टिकट उन्हें संबलपुर (ओडिशा) निवासी बिस्नु से प्राप्त हुआ था तथा उन्हें इसे सासाराम रेलवे स्टेशन पर गिरधरपुर निवासी बिट्टू चंद्रवंशी और छोटू सिंह, निवासी गिरधरपुर, थाना करगहर, जिला रोहतास, बिहार के सुपुर्द करना था. बरामद 18 किलोग्राम गांजा को जब्त एवं सील किया गया. तत्पश्चात दोनों आरोपितों को जब्त माल के साथ अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु जीआरपी रांची को सुपुर्द कर दिया गया.
इन अधिकारियों एवं कर्मियों की रही विशेष भूमिका
आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार, स्टाफ मोहम्मद आलिम, वर्षा मुंडा, फ्लाइंग टीम रांची से सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार, स्टाफ राजकुमार सिंह, दिनेश प्रसाद.


