फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

धनबाद के सांसद ढुलू महतो के प्रतिनिधि (धनबाद विधानसभा क्षेत्र) राज आर्यन शर्मा ने जबसे कार्यभार संभाला है. तबसे जनसमस्याओं के प्रति उनकी गंभीरता और उनकी सहज उपलब्धता के कारण उन्होंने अपने क्षेत्र के लोगों में बेहतरी की उम्मीद जगाई है. सांसद प्रतिनिधि लगातार लोगों की समस्याओं के समाधान के प्रति सजग हैं. इसलिए लोग उनसे मिलते हैं और अपने इलाके की समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हैं.

बुधवार को धनबाद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ठाकुर कुल्ही धैया स्थित श्रीश्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पेयजल संकट एवं मंदिर परिसर की मूलभूत समस्याओं को लेकर सांसद प्रतिनिधि (जल संसाधन विभाग) राज आर्यन शर्मा से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा. इसके बाद सांसद प्रतिनिधि ने समिति के सदस्यों के साथ मंदिर परिसर पहुंच कर निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय निवासियों ने मंदिर परिसर में नगर निगम जलापूर्ति एवं चापाकल की व्यवस्था नहीं होने की समस्या से उन्हें अवगत कराया. समिति के लोगों ने उन्हें बताया कि प्रतिवर्ष यहां भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन होता है, लेकिन पेयजल एवं पूजा-अर्चना के लिए चापाकल नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

मौके पर शर्मा को इस संबंध में समिति द्वारा एक लिखित आवेदन भी सौंपा गया, जिसमें मंदिर परिसर में नगर निगम जलापूर्ति एवं एक चापाकल लगाने की मांग की गई है। सांसद प्रतिनिधि ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मंदिर में एक भी चापाकल नहीं होना दुखद है.

उन्होंने संबंधित विभाग से बात कर जल्द आवश्यक कार्रवाई के प्रयास का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता सूची में शामिल है. पूजा समिति के सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य लोगों की उपस्थिति में उन्होंने कहा कि मंदिर जैसे पवित्र स्थान में एक चापाकल का होना नितांत आवश्यक है. लोगों को पूजा-पाठ के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था कराना उनकी जिम्मेवारी है.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version