फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत भिलाईपहाड़ी के पास मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान भिलाईपहाड़ी निवासी प्रमोद कुंडू (31) के रूप में हुई है। वह पेशे से सुरक्षा गार्ड था और वर्तमान में पूर्णिमा नेत्रालय में कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार प्रमोद मंगलवार को ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान भिलाईपहाड़ी के समीप गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रमोद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार दोनों बाइक सवारों को पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल प्रमोद को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में दोनों के नाबालिग होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना में शामिल दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version