जुगसलाई सिंग्स XI और खालसा वारियर्स XI भी पहुंचे सेमीफाइनल में
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के को-ऑपरेटिव मैदान में खेले जा रहे खालसा प्रीमियर लीग (केपीएल) में शनिवार को रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी रहा। करण के धमाकेदार शतक की बदौलत टिनप्लेट सुपर किंग्स ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, वहीं जुगसलाई सिंग्स XI और खालसा वारियर्स XI ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। रविवार को लीग का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एवं झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के महासचिव सौरव तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची द्वारा आयोजित केपीएल के पहले मुकाबले में जुगसलाई सिंग्स XI ने गत विजेता गबरू टीम को 6 विकेट से हराया। टॉस जीतकर जुगसलाई ने पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। गबरू की टीम ने 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 69 रन बनाए, जिसमें गोविंदा (34 रन, 20 गेंद) और जगदीप (17 रन, 12 गेंद) ने योगदान दिया। जुगसलाई की ओर से तरनदीप ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए 2 ओवर में मात्र 6 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि अनमोल ने 1 विकेट हासिल किया।
जवाब में जुगसलाई की टीम ने 6.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 71 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। सतनाम (24 रन) और चरणजीत (28 रन) ने अहम पारियां खेलीं। गबरू की ओर से गोविंदा और हीरा ने क्रमशः 2 और 1 विकेट लिए। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए तरनदीप को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में खालसा वारियर्स XI ने खालसा क्रिकेट क्लब (कोलकाता) को 19 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए खालसा वारियर्स XI ने 8 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए। मनप्रीत (38 रन, 14 गेंद) और करणपाल (38 रन, 17 गेंद) ने शानदार बल्लेबाज़ी की।
लक्ष्य का पीछा करते हुए खालसा क्रिकेट क्लब की टीम 8 ओवर में 6 विकेट पर 96 रन ही बना सकी। सतवंत (34 रन) और अमित सिंह (21 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। खालसा वारियर्स XI के लिए रौनक ने 2 विकेट और कप्तान ने 1 विकेट लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए मनप्रीत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। टूर्नामेंट के बढ़ते रोमांच के बीच अब सभी की नजरें रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां खिताब के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
आज खेले गए सेमीफाइनल मैच मुकाबले में टिनप्लेट सुपर किंग्स ने टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किंग्स XI पंजाब को 85 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। टॉस जीतकर किंग्स XI पंजाब ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टिनप्लेट ने 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 173 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टिनप्लेट की पारी में करण ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 26 गेंदों पर 12 छक्कों की मदद से 100 रनों की शतकीय पारी खेली।वहीं मनिंदर ने 6 गेंदों पर 20 रनों का योगदान दिया। किंग्स XI पंजाब की ओर से किरत ने 2 ओवर में 27 रन देकर 1 विकेट लिया। जवाब में किंग्स XI पंजाब की टीम 8 ओवर में 5 विकेट पर सिर्फ 88 रनों तक ही पहुंच सकी।
किंग्स XI पंजाब की पारी में प्रिंस ने 8 गेंदों पर 23 रन बनाए जबकि दिलशु ने 14 गेंदों पर 20 रन बनाए। टिनप्लेट की ओर से अनमोल और परमवीर ने एक-एक विकेट लिया। शतकीय पारी खेलने वाले मैन ऑफ द मैच करण चुने गए, जिन्होंने मात्र 26 गेंदों पर 100 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर अपनी टीम को भारी जीत दिलाई।



