VGF नहीं मिलने से संकट में पड़ी सेवा, 1 सितंबर से सोनारी एयरपोर्ट पर नियमित यात्री उड़ानें बंद
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
लौहनगरी जमशेदपुर के लिए हवाई कनेक्टिविटी को लेकर एक बार फिर निराशाजनक खबर सामने आई है। सोनारी एयरपोर्ट से जमशेदपुर-बिजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट, भुवनेश्वर के बीच संचालित IndiaOne Air की उड़ान सेवा 1 सितंबर 2026 से बंद हो गई है। इसके साथ ही जमशेदपुर एक बार फिर नियमित यात्री हवाई सेवा से वंचित हो गया है।
IndiaOne Air के सीईओ प्रेम कुमार गर्ग के अनुसार, छोटे नौ-सीटर विमान का संचालन सरकारी वित्तीय सहयोग के बिना आर्थिक रूप से व्यवहारिक नहीं है। केंद्र की RCS-UDAN योजना के तहत मिलने वाला Viability Gap Funding (VGF) सीमित अवधि के लिए था। इसके बाद राज्य सरकारों से अपेक्षित आर्थिक सहयोग नहीं मिलने पर इस रूट को संचालित करना कंपनी के लिए घाटे का सौदा बन गया।
झारखंड से सहयोग नहीं मिलने का असर
रिपोर्ट के अनुसार, जमशेदपुर-भुवनेश्वर रूट को अगस्त के अंत तक ओडिशा सरकार की ओर से सहयोग मिल रहा था, जिसके कारण सेवा जारी रही। लेकिन झारखंड सरकार की ओर से अपेक्षित वित्तीय सहायता नहीं मिलने के कारण इस सेवा को आगे जारी रखना संभव नहीं हो सका। कंपनी ने इसे कमर्शियल अनवायबिलिटी का प्रमुख कारण बताया है।
बताया गया है कि नौ-सीटर विमान से प्रति सीट संचालन लागत करीब 10 हजार रुपये तक आती है, जबकि सब्सिडी के कारण यात्रियों को करीब 3 हजार रुपये में टिकट उपलब्ध कराया जाता था। ऐसे में सरकारी सहायता समाप्त होने के बाद एयरलाइन के लिए लगातार सेवा संचालित करना मुश्किल हो गया।
जनवरी 2023 में शुरू हुई थी सेवा
जमशेदपुर को भुवनेश्वर और कोलकाता से जोड़ने वाली IndiaOne Air की सेवा 31 जनवरी 2023 को RCS-UDAN के तहत शुरू हुई थी। इस सेवा को जमशेदपुर की औद्योगिक और कारोबारी गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी माना गया था।
इससे पहले मई 2026 में जमशेदपुर-कोलकाता हवाई सेवा भी बंद हो चुकी है। अब भुवनेश्वर उड़ान के बंद होने के बाद सोनारी एयरपोर्ट से नियमित यात्री विमान सेवा पूरी तरह समाप्त हो गई है।
उद्योग और कारोबार जगत में चिंता
जमशेदपुर-आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के लिए भुवनेश्वर जैसे प्रमुख शहर से सीधी हवाई कनेक्टिविटी काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। व्यापारियों, उद्योगपतियों और नियमित विमान यात्रियों का कहना है कि हवाई सेवा बंद होने से कारोबारी यात्राओं, निवेश और समय की बचत पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
स्थानीय उद्योग जगत ने सरकार से मांग की है कि जमशेदपुर की हवाई कनेक्टिविटी को बचाने के लिए राज्य सरकार तत्काल वित्तीय सहायता और स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाए, ताकि सोनारी एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू हो सके।
IndiaOne Air ने भी संकेत दिया है कि यदि भविष्य में राज्य सरकार से आवश्यक सहयोग मिलता है तो जमशेदपुर से हवाई सेवा दोबारा शुरू करने की संभावना बन सकती है।
अब बड़ा सवाल:
क्या झारखंड सरकार VGF अथवा किसी अन्य वित्तीय मॉडल के जरिए जमशेदपुर की हवाई सेवा को फिर से शुरू कराने के लिए पहल करेगी?



































