235 कर्मचारियों की सैलरी में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी, सितंबर से मिलेगा संशोधित वेतन और नवंबर में 18 माह का एरियर
ये भी जानें एक नजर में
1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2031 तक लागू रहेगा नया वेतन समझौता
ओल्ड सीरीज कर्मचारियों की मासिक बढ़ोतरी अधिकतम ₹25,582, न्यू सीरीज में अधिकतम ₹18,238
सितंबर के वेतन के साथ मिलेगा संशोधित भुगतान, नवंबर में मिलेगा 18 माह का एरियर
एनपीएस में हर माह ₹1,000 का अतिरिक्त योगदान और 3 प्रतिशत वार्षिक इंक्रीमेंट भी तय
फतेह लाइव, जमशेदपुर.
टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई टिस्को ग्रोथ शॉप के कर्मचारियों के लिए लंबे इंतजार के बाद वेतन समझौते पर मुहर लग गई है. शुक्रवार को टाटा स्टील के बोर्ड रूम में कंपनी प्रबंधन और टिस्को मजदूर यूनियन के बीच सात वर्षीय वेतन समझौते पर हस्ताक्षर हुए. समझौते से कंपनी के कुल 235 कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिनमें 32 ओल्ड सीरीज और 203 न्यू सीरीज ग्रेड के कर्मचारी शामिल हैं. समझौता एक जनवरी 2025 से प्रभावी माना जाएगा और 31 दिसंबर 2031 तक लागू रहेगा. कर्मचारियों को संशोधित वेतन का भुगतान अगस्त माह के वेतन के साथ सितंबर में किया जाएगा, जबकि जनवरी 2025 से लंबित 18 माह का एरियर नवंबर में एकमुश्त मिलेगा.
समझौते के तहत ओल्ड सीरीज कर्मचारियों के वेतन में अधिकतम ₹25,582 तथा न्यू सीरीज कर्मचारियों के वेतन में अधिकतम ₹18,238 प्रतिमाह की वृद्धि होगी. ओल्ड सीरीज के उच्चतम ग्रेड के कर्मचारियों का मासिक वेतन बढ़कर ₹1,08,315 तक पहुंच जाएगा. वहीं ग्रेड संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है और पूर्व की तरह 20 स्पैन की व्यवस्था जारी रहेगी.
टाटा स्टील की तर्ज पर कर्मचारियों को मिनिमम गारंटीड बेनिफिट (एमजीबी) भी मिलेगा. ओल्ड सीरीज कर्मचारियों को औसतन ₹12,535 तथा न्यू सीरीज कर्मचारियों को औसतन ₹8,810 का एमजीबी मिलेगा. इसके अलावा एनपीएस के लिए हर माह ₹1,000 अतिरिक्त योगदान और 3 प्रतिशत वार्षिक इंक्रीमेंट का भी प्रावधान किया गया है. समझौते में वाहन रखरखाव, यूटिलिटी, नाइट शिफ्ट, शिक्षा, मोबाइल-इंटरनेट समेत विभिन्न भत्तों में भी वृद्धि की गई है. वरीयता भत्ता और नर्सिंग कर्मचारियों के लिए लॉन्ड्री भत्ता भी जारी रहेगा.
समझौते पर कंपनी की ओर से चीफ पीपुल ऑफिसर अत्रेयी सान्याल, वाइस प्रेसिडेंट (इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट) अक्षय खुल्लर, सीएचआरओ (इंडिया मैन्युफैक्चरिंग) जुबिन पालिया तथा यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महासचिव शिव लखन सिंह और उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र उपाध्याय ने हस्ताक्षर किए.

