शुक्रवार को नाम वापसी की तिथि, जांच में सभी छह उम्मीदवार पास, रोचक हुआ टिनप्लेट गुरुद्वारा का चुनाव
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के चर्चित टिनप्लेट गुरुद्वारा का चुनाव अब और भी दिलचस्प और रोचक बन गया है. विपक्ष के लगातार दबाव पर यहां चुनाव कमेटी की घोषणा कर दी गई है. गुरुवार को सीजीपीसी के महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला को मुख्य कन्वेनर बनाने का ऐलान वर्तमान कमेटी ने कर दिया. उनके साथ चुनाव कमेटी में मंजीत सिंह खालसा, सुरेंद्र सिंह शिंदे, करमजीत सिंह और कुलदीप सिंह ज्ञानी को भी रखा गया है. बिल्ला के चुनाव कमेटी में आना विरोधियों के लिए एक झटका साबित हो सकता है. इसी के साथ ही चुनाव होने तक सुरजीत सिंह खुशीपुर कार्यकारी प्रधान की भूमिका में रहेंगे.
बहरहाल, बुधवार को नामांकन पत्रों और धार्मिक स्क्रूटनी में छह के छह उम्मीदवार पास हो गए हैं. प्रधानगी के चुनाव को लेकर 8 लोगों ने नामांकन किया था. स्क्रूटनी के पहले ही पक्ष यानी मौजूदा टीम से गुरचरण सिंह बिल्ला के साथ बलवंत सिंह सेरों अपने समर्थकों के पक्ष में नाम वापस ले चुके थे. धार्मिक स्क्रूटनी में जो पास हुए हैं. उनमें पक्ष के सुरजीत सिंह, सरताज सिंह और विपक्ष से गुरदयाल सिंह मानावाल, कुंदन सिंह, कुलवंत सिंह और परमजीत सिंह हैं. शुक्रवार को नाम वापसी का अंतिम दिन है. अब चुनाव मैदान में कौन आमने सामने होंगे यह शुक्रवार शाम को सामने आ जायेगा. वहीं, पूरी चुनावी प्रक्रिया नवगठित चुनाव कमेटी की देखरेख में होगी. शाम 6.30 से 8.30 बजे तक चुनाव कमेटी गुरुद्वारा कार्यालय में अपना कार्य सुचारु रखेगी, जहां दोनों पक्ष को लेकर निष्पक्ष चुनाव कराने की बागडौर उनके कमान में होगी.



