सीजीपीसी की देखरेख में शांतिपूर्ण संपन्न हुई चुनावी प्रक्रिया, बिल्ला-कम्मे बने किंगमेकर
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के चर्चित टिनप्लेट गुरुद्वारा की प्रधानगी को लेकर रविवार को हुए मतदान में सुरजीत सिंह खुशीपुर ने विपक्ष के उम्मीदवार गुरदयाल सिंह मानावाल को करारी शिकस्त दी. खुशीपुर (शेर छाप) को 604 मत प्राप्त हुए. वहीं विपक्ष के प्रतिद्वन्दवी मानावाल (तराजू छाप) को 428 मत पड़े. इस तरह 126 मतों से मानावाल को हार का मुंह देखना पड़ा. सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चला. कुल 1324 वोटरों में 1094 ने अपना मत डाला. 12 मत रद्द पाए गए. गत चुनाव में मानावाल 11 वोटों से हारे थे. इधर, 126 मतों का बड़ा अंतर आना उनकी चुनावी रणनीति पर सवाल खड़ा कर गया.
बहरहाल, चुनावी प्रक्रिया सीजीपीसी से भेजे गए कनवेर सुखविंदर सिंह राजू की देखरेख में शांतिपूर्ण हुई. दोनों पक्षो ने उनका सहयोग किया. पहली वोट बिल्ला के पिता महेन्द्र सिंह ने डाली. हालांकि खालसा स्कूल गेट के बाहर दोनों उम्मीदवारों के समर्थकों का टेंट लगा हुआ था, जहां बीच बीच में समर्थकों के बीच हलकी झड़प देखने को मिली.
शाम 6 बजे तक तीन पेटियों में बंद हुए बैलेट पेपर की गिनती पूरी की गई, जिसके बाद खुशीपुर का सीजीपीसी ने जीत का प्रमाण पत्र सौंपा गया. खुशीपुर के बाहर निकलते ही उनके समर्थकों ने उन्हें और गुरचरण सिंह बिल्ला को गोद में उठा लिया और जीत का जश्न मनाया. घोड़े पर विजयी उम्मीदवार को चढ़ाकर गुरुद्वारा तक जाकर अरदास की गई.
यह चुनाव टिनप्लेट गुरुद्वारा की प्रधानगी का था, लेकिन इसमें गुरचरण सिंह बिल्ला की गरिमा लगी हुई थी. बिल्ला के साथ करमजीत सिंह कम्मे इस चुनाव में किंगमेकर बनकर उभरे. वैसे मानावाल के समर्थन में खुलकर सीजीपीसी के पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह मुखे मौजूद रहे, जो जीत को लेकर आश्वासत थे, लेकिन मतगणना होने के बाद जो परिणाम आये उसने सबको चौंका कर रख दिया. सिदगोड़ा थाना प्रभारी मो. फैज अहमद पूरी चुनावी प्रक्रिया पर नजर बनाये हुए थे, तांकि कोई भी गड़बड़ी नहीं हो.
सीजीपीसी द्वारा बनाई गई चुनाव कमेटी में सुखविंदर सिंह राजू के साथ परविंदर सिंह सोहल, गुरनाम सिंह, दलजीत सिंह, सुखदेव सिंह बिट्टू, सतबीर सिंह, गुरशरण सिंह, सुखविंदर सिंह, देवेंद्र सिंह, सुखवंत सिंह, जसवंत सिंह, राजू पांडे ने सहयोग किया. मानावाल की ओर कश्मीर सिंह शिरा और खुशीपुर के समर्थन में मंजीत सिंह खालसा भी मतदान स्थल पर मुस्तैद रहे. सीजीपीसी ने संगत को सहयोग के लिए धन्यवाद किया है. खासकर मानावाल और उनकी टीम का. नतीजों के बाद सीजीपीसी के चेयरमैन गुरमीत सिंह और पटना गुरुद्वारा के महासचिव इंदरजीत सिंह टिनप्लेट पहुंचे और खुशिपुर को बधाई दी.

