फतेह लाइव, रिपोर्टर.
ओडिशा के जाजपुर जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। 22611 चेन्नई सेंट्रल–न्यू जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के तीन डिब्बे जखापुरा रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। यह घटना सुबह करीब 8 बजकर 51 मिनट पर हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन यार्ड एरिया से गुजर रही थी और उसकी रफ्तार काफी धीमी थी। इसी दौरान अचानक ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। पटरी से उतरे डिब्बों में एक एसी कोच और दो जनरल कोच शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी और रेलवे की राहत व बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। एहतियातन प्रभावित डिब्बों को अलग कर दिया गया और ट्रैक को जल्द बहाल करने का कार्य शुरू किया गया।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या ट्रैक से जुड़ी समस्या को संभावित कारण माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा, हालांकि वैकल्पिक व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश की गई। रेलवे ने यात्रियों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।


