फ़तेह लाइव,रिपोर्ट
बोकारो जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। जवानों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 8 नक्सलियों को मार गिराया गया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई। घटनास्थल से सुरक्षाबलों ने एके-47, एसएलआर जैसे ऑटोमेटिक हथियार और बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए हैं।
इस ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर (JJ) की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर जब जवानों ने जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, तो नक्सलियों ने हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने न सिर्फ उनका मुकाबला किया बल्कि 8 हार्डकोर नक्सलियों को ढेर कर दिया।
ये ऑपरेशन झारखंड में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई से यह साफ संकेत है कि नक्सलियों के दिन अब गिने-चुने बचे हैं। सुरक्षाबलों का हौसला बुलंद है और राज्य में शांति बहाली की दिशा में यह एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।