नाली का पानी घरों और शिव मंदिर तक पहुंचा, स्थानीय लोगों ने बरसात तक पंप-जनरेटर की व्यवस्था बहाल करने की मांग की
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में शुक्रवार देर शाम से लगातार हो रही बारिश के बीच भुइयांडीह स्थित ग्वाला बस्ती के ब्राह्मण टोला (रोड नंबर-4) में जलजमाव की गंभीर समस्या सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जुस्को के हेल्थ एवं संबंधित विभाग की लचर व्यवस्था के कारण नाली का गंदा पानी घरों के साथ-साथ शिव मंदिर परिसर तक भर गया है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
बस्तीवासियों का कहना है कि इस इलाके में केवल ब्राह्मण ही नहीं, बल्कि सभी समुदायों के लोग रहते हैं। कई बार जुस्को के अधिकारियों को फोन और संदेश के माध्यम से शिकायत की गई। लोगों के अनुसार जुस्को के इंजीनियरों ने स्थल का निरीक्षण और मापी (मेजरमेंट) भी की, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बरसात समाप्त होने तक पहले की तरह अस्थायी पंप/जनरेटर की व्यवस्था की जाए, ताकि जलजमाव से राहत मिल सके। उनका कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
बस्तीवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विशेषकर स्थानीय विधायक ने अब तक मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लिया है। लोगों ने जुस्को और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने तथा बरसात के दौरान वैकल्पिक इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।










