फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड में गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने नगर निगम परिसर में आयोजित समारोह में ₹17.39 करोड़ की लागत से स्वीकृत 119 विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। कार्यक्रम में महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, उपायुक्त, नगर निगम आयुक्त, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि झारखंड सरकार शहरी क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और गिरिडीह के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
‘गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा’
मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर संवेदकों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कम दर पर टेंडर लेने वाले संवेदकों के कार्यों की विशेष निगरानी की जाए, ताकि सभी योजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप और समय पर पूरी हों।
जनप्रतिनिधियों ने जताया भरोसा
महापौर प्रमिला मेहरा और उप महापौर सुमित कुमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। आने वाले दिनों में शहर की मूलभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार दिखाई देगा, जिससे आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नागरिकों ने भी विकास योजनाओं के शिलान्यास का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि सभी परियोजनाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी होंगी, जिससे गिरिडीह शहर का स्वरूप और बेहतर होगा।











