फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग के प्रभावी माध्यम के रूप में और अधिक मजबूत करने की दिशा में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इसके तहत मुसाबनी, गुड़ाबांदा एवं पोटका थाना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों और उससे दूर रहने के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाया गया। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित लोगों को देने के बारे में विस्तार से बताया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों और उपलब्ध सुरक्षा तंत्र की भी जानकारी दी। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, अपराध या उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना डर के पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क करें।
जमशेदपुर पुलिस का यह अभियान युवाओं और विद्यार्थियों को जागरूक कर समाज में अपराध, नशाखोरी और साइबर ठगी के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



































