पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन को राजस्थान महोत्सव के लिए मिला प्रेसिडेंशियल अवार्ड, सामाजिक आचार संहिता का प्रारूप भी हुआ प्रस्तुत
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के सत्र 2025–27 की प्रथम आमसभा रविवार को मारवाड़ी भवन, द्वितीय तल हॉल, हरमू रोड, रांची में आयोजित हुई। प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई आमसभा में संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महामंत्री विनोद कुमार जैन ने बैठक का संचालन करते हुए संगठन का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

आमसभा की शुरुआत प्रांतीय अध्यक्ष द्वारा स्वागत से हुई। इसके बाद महामंत्री का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। सभा में कुछ पूर्व प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा एक अवैध ट्रस्ट का गठन कर सम्मेलन की ₹25 लाख की राशि के गबन/दुरुपयोग से संबंधित मामले पर भी गंभीर चर्चा हुई। चर्चा के उपरांत आमसभा ने सर्वसम्मति से अनुशासन समिति को प्रांतीय मारवाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय मारू, महासचिव एवं पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष बसंत मित्तल तथा कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश रिंगसिया को शो-कॉज नोटिस जारी करने का आदेश दिया। संबंधित लोगों से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
आय-व्यय एवं अंकेक्षक की नियुक्ति पर चर्चा
बैठक में वर्ष 2025–26 के आय-व्यय का संक्षिप्त ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। साथ ही वर्ष 2026–27 के लिए अंकेक्षक की नियुक्ति पर भी विचार किया गया। आमसभा में देवघर में अयोजिय कार्यकारिणी बैठक द्वारा अनुमोदित संविधान संशोधन के प्रस्ताव पर चर्चा के उपरांत कुछ संशोधनों के बाद सर्वसम्मति से पारित किया गया।
सम्मेलन के महापंचायत के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने सामाजिक आचार संहिता का प्रारूप प्रस्तुत किया । महेश पोद्दार ने मारवाड़ी समाज के प्रत्येक सदस्य के लिए सामाजिक आचार संहिता कैसी होनी चाहिए, इस विषय पर तैयार आचार संहिता का प्रारूप आमसभा के समक्ष प्रस्तुत किया। इस पर सदस्यों ने अपने विचार रखे और समाज में अनुशासन, मर्यादा, पारदर्शिता एवं सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में आगत प्रस्तावों पर भी विचार किया गया तथा विभिन्न विषयों पर अध्यक्ष की अनुमति से चर्चा हुई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ आमसभा का समापन हुआ।
राजस्थान महोत्सव के लिए पूर्वी सिंहभूम को प्रेसिडेंशियल अवार्ड
आमसभा के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन, जमशेदपुर को राजस्थान महोत्सव 2026 के सफल आयोजन एवं उल्लेखनीय सहभागिता के लिए प्रेसिडेंशियल अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पूर्वी सिंहभूम के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय रहा।
जमशेदपुर से पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल, महासचिव प्रदीप कुमार मिश्रा, विमल अग्रवाल, संवरलाल शर्मा, लाला मूनका, विजय गोयल, श्रीराम सरोज, मुरारी गोयल, रतन सहारिया, धर्मचंद पोद्दार, संजय शर्मा, अशोक खंडेलवाल, रामजी शर्मा, सुशील शर्मा, संजय कसेरा, राजेश शर्मा, सुरेश कुमार अग्रवाल, शंकर मित्तल, श्रवण अग्रवाल, राजेश लोढ़ा, राम रतन खंडेलवाल एवं विवेक लोढ़ा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य आमसभा में शामिल हुए। पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की सक्रिय एवं उल्लेखनीय सहभागिता ने जमशेदपुर का प्रतिनिधित्व प्रभावी ढंग से किया।



































