रेलवे बोर्ड ने देशभर के 37 रेल मंडलों में नए डीआरएम की नियुक्ति के आदेश जारी किए; चक्रधरपुर मंडल में भी नेतृत्व परिवर्तन
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। रेलवे बोर्ड ने वर्तमान डीआरएम तरुण हुरिया के तबादले और उनकी जगह नीरज के. वर्मा को नया मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) नियुक्त करने का आदेश जारी किया है। रेलवे बोर्ड की ओर से 27 नवंबर 2026 को जारी व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के तहत देशभर के 37 रेल मंडलों में नए डीआरएम की पदस्थापना की गई है।
तरुण हुरिया ने 28 दिसंबर 2024 को चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम का पदभार संभाला था। वे भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियर सेवा (IRSME) के 1993 बैच के अधिकारी हैं। भारतीय रेलवे में करीब तीन दशक का अनुभव रखने वाले हुरिया के कार्यकाल में रेल परिचालन, यात्री सुविधाओं, आधारभूत संरचना और विभिन्न विकास योजनाओं से जुड़े कार्य हुए।
चक्रधरपुर रेल मंडल दक्षिण पूर्व रेलवे के सबसे महत्वपूर्ण मंडलों में शामिल है। टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला और झारसुगुड़ा जैसे प्रमुख स्टेशन इसी मंडल के अंतर्गत आते हैं। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों का परिचालन भी काफी अहम है। ऐसे में नए डीआरएम के सामने रेल परिचालन को बेहतर बनाने, यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेलवे स्टेशनों के विकास और लंबित परियोजनाओं को गति देने की चुनौती होगी।
रेलवे बोर्ड में भी बड़ा फेरबदल, हितेंद्र मल्होत्रा को नई जिम्मेदारी
रेलवे बोर्ड स्तर पर भी महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। वर्तमान में महानिदेशक (सुरक्षा), रेलवे बोर्ड के पद पर कार्यरत हितेंद्र मल्होत्रा को सदस्य (ट्रैक्शन एवं रोलिंग स्टॉक) नियुक्त किया गया है। वे एक दिसंबर 2026 से भारत सरकार के पदेन सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी संभालेंगे। वे भारतीय रेल विद्युत इंजीनियर सेवा (IRSEE) के अधिकारी हैं।
रांची रेल मंडल में प्रिय रंजन कुमार बने एडीआरएम
दक्षिण पूर्व रेलवे में एक अन्य महत्वपूर्ण बदलाव के तहत पूर्व रेलवे में कार्यरत प्रिय रंजन कुमार (IRSE) का स्थानांतरण दक्षिण पूर्व रेलवे में किया गया है। उन्हें समान ग्रेड में रांची रेल मंडल का अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) नियुक्त किया गया है। वे हेमराज मीणा का स्थान लेंगे, जो प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं।
खड़गपुर में बिप्लब दास को मिली जिम्मेदारी
रेलवे बोर्ड ने 30 अक्टूबर 2026 को जारी अपने पूर्व आदेश में भी संशोधन किया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकारी बिप्लब दास का दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में स्थानांतरण रद्द कर दिया गया है। अब उन्हें दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) नियुक्त किया गया है। वे संजीव कुमार सिंह का स्थान लेंगे। संजीव कुमार सिंह की नई पदस्थापना के संबंध में अलग से आदेश जारी किया जाएगा। रेलवे बोर्ड के इन आदेशों को भारतीय रेलवे में व्यापक प्रशासनिक पुनर्गठन के रूप में देखा जा रहा है।


































