- डीएसपी मनोज कुमार ने किया खेल महोत्सव का उद्घाटन, विद्यार्थियों ने सनशाइन ड्रिल, रेनबो ड्रिल और ताइक्वांडो-कराटे का किया शानदार प्रदर्शन
- सृष्टि पांडे और आस्तिक दास को मिला बेस्ट एथलीट का खिताब
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल की बर्मामाइंस शाखा में शनिवार, 28 नवंबर 2026 को तीसरे वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि आरक्षी उपाधीक्षक (डीएसपी) मनोज कुमार ने ध्वजारोहण और गुब्बारे उड़ाकर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कार भारती की अध्यक्ष डॉ. रागिनी भूषण, महामंत्री डॉ. अरुणा भूषण तथा सीसीआर जमशेदपुर के इंस्पेक्टर अविनाश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शारदा एजुकेशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट की चेयरपर्सन लूसी सिंह, विद्यालय प्रबंधक सुशील सिंह, सचिव सौरव गिरी और बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। समारोह की शुरुआत बर्मामाइंस शाखा की कोऑर्डिनेटर वी. निर्मला के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
इसे भी पढ़ें : Dhanbad : जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में नहीं होगी देरी, धनबाद नगर निगम ने पांचों अंचलों में तैनात किए जांच पदाधिकारी
सनशाइन और रेनबो ड्रिल के साथ ताइक्वांडो-कराटे ने मोहा मन
खेल महोत्सव का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सनशाइन ड्रिल, रेनबो ड्रिल और ताइक्वांडो एवं कराटे का शानदार प्रदर्शन रहा। बच्चों ने अपनी शारीरिक दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिक समन्वय का प्रभावशाली परिचय दिया। विभिन्न खेल गतिविधियों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि डीएसपी मनोज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में आगे बढ़ने और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। महोत्सव के समापन पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसे भी पढ़ें : Sindri : लाल झंडों से सजा सिंदरी, RYA नगर सम्मेलन को लेकर युवाओं में उत्साह
खेल से बच्चों में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का होता है विकास
खेल महोत्सव में बेस्ट एथलीट गर्ल का खिताब सृष्टि पांडे को तथा बेस्ट एथलीट बॉय का खिताब आस्तिक दास को प्रदान किया गया। दोनों विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा और प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के एडमिन के.सी. भारती, कोऑर्डिनेटर स्वाति झा, कल्चरल हेड चुनकी कुमारी, अनुशासन प्रभारी प्रणय खडाईत और परीक्षा नियंत्रक विश्वास त्रिपाठी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।


































