- कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम और शिकायत निवारण प्रक्रिया पर चर्चा
- सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण बनाने पर जोर
- डालसा की पहल से कर्मचारियों को अधिकारों और शिकायत प्रक्रिया की जानकारी
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के तत्वावधान में शनिवार, 28 नवंबर 2026 को सिविल कोर्ट परिसर में कर्मचारियों के लिए POSH अधिनियम-2013 को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का विषय कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम था। इसमें अधिनियम के तहत गठित आंतरिक समिति (Internal Committee) के सदस्यों ने मुख्य वक्ता एवं संसाधन व्यक्ति के रूप में भाग लिया। इनमें अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-V मंजू कुमारी, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सीमा कुमारी मिंज, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी शिवांगी प्रिया तथा न्यायिक दंडाधिकारी धर्मेंद्र कुमार शामिल थे। वक्ताओं ने कर्मचारियों को अधिनियम के उद्देश्य और कार्यस्थल पर इसकी उपयोगिता से अवगत कराया।
इसे भी पढ़ें : Dhanbad : धनबाद नगर निगम में सफाई मित्रों को लैंगिक समानता और सामाजिक समावेशन का प्रशिक्षण
कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए POSH कानून के प्रावधानों पर चर्चा
कार्यशाला के दौरान POSH अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, कर्मचारियों के अधिकारों तथा शिकायत निवारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि कार्यस्थल पर सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभावमुक्त वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की शिकायत की स्थिति में उपलब्ध कानूनी प्रक्रिया और आंतरिक समिति की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम को कर्मचारियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया गया। इसके माध्यम से उन्हें अपने अधिकारों और दायित्वों को समझने का अवसर मिला। डालसा की इस पहल का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और समानता सुनिश्चित करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


































