फतेह लाइव, रिपोर्टर.
सरायकेला जिला के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के समीप सोमवार देर रात दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अचानक हुई गोलियों की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार फायरिंग के दौरान 22 वर्षीय राजवीर सिंह को गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की टीम निगरानी में रखे हुए है।
मिली जानकारी के अनुसार अपराधकर्मी संजय सरकार के बेटे शुभम सरकार पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि हमलावर ने आशीष को निशाना बनाकर गोली चलाई थी, लेकिन गोली राजवीर सिंह को जा लगी। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।
वारदात की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को कारण बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

