फतेह लाइव, रिपोर्टर।
लगातार बारिश के बीच जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। फ्लड सेल जमशेदपुर की 1 सितंबर सुबह 6 बजे की रिपोर्ट के अनुसार आदित्यपुर पुल के पास खरकई नदी का जलस्तर 131.07 मीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित डेंजर लेवल 129.00 मीटर से 2.07 मीटर ऊपर है। रिपोर्ट में खरकई नदी के जलस्तर के लगातार बढ़ने (Rising) की स्थिति बताई गई है।
वहीं, मानगो ब्रिज के पास सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर 121.34 मीटर दर्ज किया गया है। यहां खतरे का निशान 121.50 मीटर है। यानी सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर भी डेंजर लेवल से महज 0.16 मीटर नीचे है और रिपोर्ट में इसे भी बढ़ते हुए बताया गया है।
फ्लड सेल की रिपोर्ट के मुताबिक मानगो क्षेत्र में सुवर्णरेखा नदी के आसपास 10 मिमी बारिश, जबकि आदित्यपुर क्षेत्र में खरकई नदी के आसपास 27.02 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि सुवर्णरेखा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।



































