फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के प्रमुख गुरुद्वारों में एक श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह ने रविवार सुबह 10 बजे जनरल बॉडी की मीटिंग बुलाई है. इस आमसभा का एजेंडा प्रधान (मुख्य सेवादार) को लेकर विचार का रखा गया है. इसमें सभी को आने की अपील की गई है. आमसभा की पूर्व संध्या भगवान सिंह भी अपनी टीम के साथ मानगो गुरुद्वारा बस्ती में घर-घर पहुंचे और संगत को आमसभा के बारे जानकारी दी गई. महासचिव जसवंत सिंह ने बताया कि 15 दिन पूर्व ही आमसभा को लेकर नियम के तहत नोटिस लगा दिया गया था. फिर भी संगत को जागरूक करने के लिए दो दिनों से संगत को घर घर जाकर अपील की जा रही है, तांकि जो इस नोटिस से अनभिज्ञ हैं उन तक भी जानकारी पहुंच सके.
दूसरी ओर, इसी के साथ ही मानगो की संगत में एक बार फिर चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है. विपक्ष के लोग भी इसे लेकर सक्रिय हो गए हैं. विपक्ष से बलजीत सिंह और त्रिलोक सिंह के नाम प्रधान पद के लिए सामने लाये गए हैं. झारखंड सिख कोर्डिनेशन कमेटी के बैनर तले दो दिनों से प्रशासनिक महकमे में जाकर अधिकारियों से अपनी बातें रख रहे हैं. उपायुक्त को भी ज्ञापन दिया गया है. बहरहाल, रविवार की आमसभा पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं. मानगो के प्रधान भगवान सिंह सीजीपीसी के भी प्रधान हैं. ऐसे में यह आमसभा महत्वपूर्ण मानी जा रही है. मालूम हो कि गत नौ सालों से भगवान सिंह मानगो के प्रधान पद की सेवा संभाल रहे हैं.
