भुवनेश्वर के साहिद नगर में रोटरी, दुर्गा पूजा समिति और टीसीएस के लोगों ने दिया रक्त

सबको समझाया गया कि रक्तदान से शरीर और सेहतमंद होगा, न कि कोई कमजोरी आएगी

फतेह लाइव, रिपोर्टर.

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के साहिद नगर में भीषण गर्मी और बेचैन करने वाली उमस के बीच रोटरी क्लब ऑफ भुवनेश्वर नीलाद्रि ने साहिद नगर दुर्गा पूजा समिति के सहयोग से रूपाली स्क्वायर में रक्तदान शिविर लगाया। शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि भीषण गर्मी में लोग इस रक्तदान शिविर में नहीं आयेंगे। लेकिन लोग आए। रक्तदान किया। जो लोग पसीने से तरबतर थे, उन्होंने अगली बार रक्तदान का संकल्प लिया। रोटरी क्लब, भुवनेश्वर कार्यालय के टाटा कसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और साहिद नगर दुर्गा पूजा समिति के लोगों ने उत्साह के साथ रक्त दिया। शिविर की समाप्ति हुई तो 50 यूनिट रक्त जमा हो गए थे। यह शिविर उम्मीद भी जगा गया कि मौसम बेहतर हुआ तो अगली बार और लोग रक्तदान के लिए आगे आयेंगे।

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3262 के जिला गवर्नर रोटेरियन मनोज कुमार त्रिपाठी मुख्य अतिथि तथा सेवानिवृत्त आईपीएस अरूप मोहन पटनायक सम्मानित अतिथि के रूप में रक्तदान शिविर में आए। अतिथियों ने ऐसे आयोजन को पीड़ित मानवता का सहयोग करार दिया। रोटरी क्लब द्वारा ऐसे प्रयास किए जाने की सराहना भी की। घोषणा की गई कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मानव जीवन बचाने में सहयोग करना है। शिविर के आयोजन के लिए डॉक्टर सत्यजीत दास ने सबसे बेहतर समन्वय किया। इसमें रोटरी क्लब ऑफ भुवनेश्वर नीलाद्रि के अध्यक्ष सुजीत कुमार राउत ने सबका आभार व्यक्त किया। रक्तदान शिविर में रोटेरियन प्रीतिराज शतपथी, वासुदेव भट्ट, पुण्य श्लोक मोहंती, नकुल सुबुधि, अभिषेक मित्रा, जीतू शतपथी, अभिषेक खेमका, अमर साहू आदि सक्रिय रहे। टीसीएस की इंटरेक्टिव यूनिट के सीनियर अधिकारी अबिनाश घोष की पहल पर कई सॉफ्वेयर डेवलपर ने भी रक्तदान के लिए उत्साह दिखाया।

रक्तदान का कुछ ऐसे समझाया सम्मान

रोटरी क्लब ने सेवा कार्य के जरिए हमेशा समाज को राह दिखाने का काम किया है। जरूरतमंद लोगों के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन वास्तव में सराहनीय है। रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार होते रहना चाहिए। “मनोज कुमार त्रिपाठी, जिला गवर्नर, रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट. “

किसी को यह भ्रांति नहीं होनी चाहिए कि रक्तदान से शरीर में किसी तरह का क्षय होता है। अगर निर्धारित समय पर रक्तदान करते रहते हैं तो शरीर स्वस्थ रहेगा। खून का प्रवाह बेहतर रहेगा।डॉक्टर सत्यजीत दास, समन्वयक.”

टाटा समूह का मूल मंत्र ही व्यापार के साथ परोपकार है। मानवता के लिए रक्तदान से बेहतर उपहार कुछ और नहीं हो सकता। इसलिए टीसीएस के लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया है। हम सब भविष्य में भी परोपकारी कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते रहेंगे। “अविनाश घोष, सीनियर अधिकारी, टीसीएस.”

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version