फतेह लाइव, रिपोर्टर.
ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नालिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन का प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को जमशेदपुर में हुए पत्रकार सम्मेलन में नरेश प्रसाद श्रीवास्तव को घोषित किया गया. इसके अगले दिन ही वह एक्शन मोड में देखे गए. पत्रकारों की सुरक्षा के गंभीर मुद्दे को लेकर उनके निर्देश पर शनिवार को बोकारो जिला इकाई ने बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ को ज्ञापन सह मांग पत्र सौंपा।
जिलाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा, महासचिव शिव शंकर नोनिया उर्फ पप्पू चौहान एवं प्रदेश कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार के नेतृत्व में सौंपे गए 13 सूत्री मांग पत्र में सबसे पहले हजारीबाग में पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार व मारपीट की घटना की न्यायिक जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
ये है प्रमुख मांगें
झारखंड में पत्रकार सम्मान सुरक्षा योजना लागू करने, फर्जी पत्रकार, न्यूज पोर्टल व चैनलों की जांच कर तुरंत रोक लगाने, पत्रकारों को 25 लाख तक सपरिवार स्वास्थ्य व दुर्घटना बीमा देने की मांग उठाई गई। साथ ही रांची, देवघर, बोकारो, धनबाद सहित सभी जिलों में नगर विकास विभाग के फंड से प्रेस क्लब निर्माण, राज्य में पत्रकारों का निबंधन कराने ताकि असली-नकली की पहचान हो सके, और बिहार, राजस्थान, हरियाणा की तर्ज पर झारखंड में भी पत्रकार पेंशन योजना लागू करने की मांग शामिल है।
जिलाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा ने कहा कि “पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। लेकिन लगातार हमले और असुरक्षा के माहौल में काम करना मुश्किल हो रहा है। सरकार जल्द मांगें पूरी करे।”
मौके पर बॉबी राज सहित संगठन के कई पत्रकार मौजूद थे। एसडीओ मुकेश मछुआ ने ज्ञापन लेकर उचित माध्यम से सरकार तक मांगें पहुंचाने का आश्वासन दिया।

