फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में टेल्को थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेम्को से रामाधीन बागान ग्वाला बस्ती जाने वाले मुख्य मार्ग पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। छठ घाट के समीप सड़क किनारे झाड़ियों में लगी आग ने पास ही खड़ी एक ‘वोल्टास’ क्रेन को अपनी चपेट में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार lछठ घाट के पास स्थित झाड़ियों में किसी कारणवश आग लग गई थी। गर्मी और सूखी घास के कारण आग तेजी से फैली और वहां खड़ी एक वोल्टास क्रेन तक पहुँच गई। आग की लपटों ने क्रेन के टायरों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहां से गुजर रहे एक जागरूक राहगीर ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत टाटा मोटर्स कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही टाटा मोटर्स की फायर ब्रिगेड टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुँची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। समय रहते हस्तक्षेप के कारण आग को क्रेन के इंजन या अन्य संवेदनशील हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया।

