सीएम के नाम कोल्हान आयुक्त को AISMJWA का मांग पत्र समर्पित

फतेह लाइव, रिपोर्टर.

झारखंड में पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वैलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम कोल्हान आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है, जिसकी चर्चा पूरे झारखंड में हो रही है. इसका कारण है कि 2022 में बजट सत्र में सरकार के जनसंपर्क विभाग ने पत्रकार सम्मान सुरक्षा योजना को इसलिए एक बैनर तले लागू बताया था, जब सत्ता के तीन और विपक्ष के दो विधायकों ने सरकार से राज्य में पत्रकारों को सुरक्षा और सम्मान की मांग रखी थी.

2022 के बाद इस योजना पर न सिर्फ 81 विधायक बल्कि राज्य के 5000 पत्रकार भी खामोश हो गये हैं.ऐसे में ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वैलफेयर एसोसिएशन लगातार इस मुद्दे को विभिन्न जिलों से विभिन्न माध्यमों से उठा रहा है. ज्ञापन के माध्यम से झारखंड में पत्रकार सुरक्षा कानून,प्रेस क्लब बीमा,पेंशन,आवास,पत्रकार आयोग और एक्रिडेशन जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया गया है.

चाईबासा आयुक्त कार्यालय के बाहर पत्रकारों को एक साक्षात्कार के दौरान संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने कहा है कि झारखंड में 81 विधायकों और पत्रकारों के सभी संगठनों को सरकार से सदन के भीतर और बाहर एक सवाल पूछना चाहिए कि ये पत्रकार सम्मान सुरक्षा योजना कहां लागू हुई है झारखंड में या कहीं और?

उन्होंने कहा कि सरकार प्रेस क्लब का निर्माण करना बंद कर चुकी है और जो प्रेस क्लब देवघर में है वह भी कब्जे में है.श्री भाटिया ने कहा कि देवघर डीसी पत्रकारों को एकजुट होकर अपना अध्यक्ष चुनने की बात कह कर कर पल्ला झाड़ रहे हैं जबकि लोकसभा, विधानसभा और निगम चुनाव डीसी के नेतृत्व में होता है तो फिर पत्रकारों के चुनाव में क्यों देर हो रही है.

इस मौके पर एसोसिएशन के झारखंड प्रभारी शंकर गुप्ता, कोल्हान प्रमंडल प्रभारी अजय महतो, सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष दशरथ प्रधान,सचिव दीपक महतो और पश्चिम सिंहभूम जिला अध्यक्ष मनीष सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे. पत्रकारों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द इन मुद्दों पर सकारात्मक कदम उठाए जाएं ताकि राज्य के पत्रकारों को सुरक्षा और सम्मान मिले न कि फ़ाइलों में योजना सड़ती रहे.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version