बूथ संख्या 415 के मतदाताओं से बूथ अध्यक्ष विजय नहा की अपील—नाम, पता या फोटो में गड़बड़ी हो तो तुरंत BLO से करें संपर्क
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत उसका मतदाता है। लोकतंत्र का अर्थ ही है—जनता का, जनता के द्वारा और जनता के लिए शासन। इसी शासन को चुनने का अधिकार प्रत्येक मतदाता को उसके एक वोट से मिलता है। इसलिए लोकतंत्र में एक-एक वोट की कीमत बेहद महत्वपूर्ण है।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची को दुरुस्त और अद्यतन रखने के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाया जाता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।इसी क्रम में मतदाता अपनी आवश्यकता के अनुसार फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का उपयोग कर सकते हैं।
फॉर्म-6: 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिकों का नया नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए।
फॉर्म-7: मृत व्यक्ति या अन्य कारणों से हटाए जाने वाले नाम के संबंध में आवेदन के लिए।
फॉर्म-8: मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र, फोटो अथवा अन्य विवरण में सुधार के लिए।
धनबाद के सिंदरी से बूथ संख्या 415 के बूथ अध्यक्ष विजय नहा ने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें। यदि किसी योग्य नागरिक का नाम सूची में नहीं है, फोटो स्पष्ट नहीं है अथवा नाम-पता सहित किसी विवरण में त्रुटि है, तो विशेष अभियान के दौरान अपने बूथ पर पहुंचकर BLO से संपर्क कर आवश्यक फॉर्म जमा करें।
विजय नहा ने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना और प्रत्येक मतदाता का मतदान करना लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।
उन्होंने मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा—
“पहले मतदान, फिर जलपान।”
“मतदान अवश्य करें, लोकतंत्र को मजबूत करें।”
















