तीनों अपराधियों को अस्पताल में इलाज के लिए कराया गया भर्ती, एसएसपी प्रभात कुमार मौके पर मौजूद
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
धनबाद जिला के भागाबांध इलाके में सोमवार सुबह धनबाद पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गिरोह के हैंडलर कुबेर समेत दो अपराधियों को गोली लगी है, जबकि एक अन्य अपराधी भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया और उसका पैर फ्रैक्चर हो गया।
पुलिस को गिरोह के सदस्यों के भागाबांध क्षेत्र में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
जवाबी कार्रवाई में गिरोह के दो अपराधियों को गोली लग गई। घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं एक अपराधी भागने के प्रयास में गिरकर घायल हो गया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया।
मौके पर धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार स्वयं मौजूद हैं और पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर अन्य अपराधियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

