फतेह लाइव, रिपोर्टर।
गिरिडीह जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजनों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार की डायल-112 परियोजना के तहत जिले को 32 नए पुलिस वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया पहले से अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगी।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने नए वाहनों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि डायल-112 सेवा को मजबूत बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। इन वाहनों की मदद से सड़क दुर्घटना, अपराध, महिला सुरक्षा, आपातकालीन घटनाओं तथा अन्य मामलों में पुलिस कम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सकेगी।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित, प्रभावी और भरोसेमंद पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। नए वाहनों के संचालन से जिले में गश्त व्यवस्था मजबूत होगी, अपराध नियंत्रण को गति मिलेगी और शहरी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस की पहुंच बेहतर होगी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने नए वाहनों के साथ सुरक्षा व्यवस्था और संचालन संबंधी आवश्यक तैयारियों का भी जायजा लिया।
















