फतेह लाइव, रेपोर्टर।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ग्रुप केंद्र जादूगोड़ा के मनोरंजन क्लब में मंगलवार को भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं और ब्रह्माकुमारी बहनों ने CRPF जवानों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत किया। इस दौरान जवानों के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त करते हुए उनके सुरक्षित एवं सुखद भविष्य की कामना की गई। जवानों ने भी बहनों की सुरक्षा और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. जयदेव केसरी तथा क्षेत्रीय कावा प्रमुख, ग्रुप केंद्र/रेंज जमशेदपुर श्रीमती सीमा चौहान केसरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबंधन के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, महिला सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं उद्घाटन संबोधन से हुई। इसके बाद ध्यान एवं मेडिटेशन सत्र आयोजित किया गया। इसमें उपस्थित लोगों ने मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को समझा। ध्यान सत्र के माध्यम से तनाव कम करने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने का संदेश दिया गया।
जवानों को बांधी राखी, जताया विश्वास
समारोह के दौरान कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं और ब्रह्माकुमारी बहनों ने जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। राखी बांधते समय बहनों ने देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त किया। जवानों ने भी बहनों को उनके सम्मान और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस भावपूर्ण आयोजन से समारोह स्थल पर भाईचारे और आत्मीयता का माहौल बना रहा।
नशामुक्त भारत का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान डीआईजी जयदेव केसरी ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को ड्रग डी-एडिक्शन की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में CRPF ग्रुप केंद्र की ओर से समारोह में शामिल ब्रह्माकुमारी बहनों और कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह ने जवानों और समाज के बीच विश्वास, भाईचारे और सामाजिक जुड़ाव को और मजबूत करने का संदेश दिया।
































