फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित टीएमएच गोलचक्कर पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मो. हूषाम अख्तर के रूप में की गई है. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मिली जानकारी के अनुसार, मो. हूषाम अख्तर सोमवार दोपहर अपनी मोटरसाइकिल से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहा था. इसी दौरान टाटा स्टील का एक दमकल (फायर ब्रिगेड) वाहन बिष्टुपुर की दिशा में आगे बढ़ रहा था. टीएमएच गोलचक्कर के समीप अचानक दोनों वाहन आमने-सामने आ गए. विपरीत दिशा से आ रहे भारी वाहन को देख बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे दमकल वाहन के नीचे जा घुसी. इस दौरान बाइक सवार युवक दमकल के भारी पहिए की चपेट में आ गया, जिससे वह बेहद गंभीर रूप से घायल हो गया.
व्यस्ततम चौराहे पर हुए इस हादसे के बाद मौके पर थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी. इसके बाद घायल युवक को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एक टेंपो के माध्यम से तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया. हादसे की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी अस्पताल पहुंच गए.
मामले की जानकारी देते हुए बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और टाटा स्टील के दमकल वाहन दोनों को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है. पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
टीएमएच के सामने हुआ हादसा, समय पर नहीं मिली मदद; आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा घायल युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाटा स्टील फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी की चपेट में आने से हेलमेट पहने युवक वाहन के पिछले पहिए के नीचे आ गया. हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा रहा. स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद युवक करीब आधे घंटे तक तड़पता रहा, जबकि घटनास्थल के समीप ही टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) और बिष्टुपुर थाना स्थित है. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और अन्य संबंधित अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन सहायता पहुंचने में देरी होने का आरोप लगाया जा रहा है.
लोगों का कहना है कि समय पर चिकित्सा सहायता मिल जाती तो युवक की जान बच सकती थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की. हालांकि तब तक उसकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश देखा गया. स्थानीय नागरिकों ने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच तथा आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है. बिष्टुपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
