फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर आजसू के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि शहर में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। शहर में जिस प्रकार दिनदहाड़े अपराधी तत्वों का मनोबल बढ़ा हुआ है, वह आम जनता के लिए गहरी चिंता का विषय है। कहीं आंदोलनकारियों को खुलेआम लाठियों से पीटा जा रहा है तो दूसरी ओर थाना से महज 10 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं। यह स्थिति स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि अपराधियों में प्रशासन का कोई भय नहीं रह गया है।
आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन की कार्यशैली और राज्य सरकार के चुनिंदा अफसरों की बेलगाम अफसरशाही के कारण पूरा प्रदेश त्राहिमाम कर रहा है। आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। यदि थाना के आसपास ही अपराधी बेखौफ होकर गोली चला सकते हैं, तो आम नागरिक की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। अपराधियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई नहीं होने के कारण उनका मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। आजसू पार्टी मांग करती है कि हालिया घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। सिंह ने चेतावनी दी कि यदि कानून व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो आजसू पार्टी जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरने को बाध्य होगी।

