गुरु शब्द से जुड़ रही संगत, कीर्तन समागम को मिल रहा भरपूर प्यार
गोलपहाड़ी कमेटी के प्रबंध में दूसरी बार किया जा रहा आयोजन, 143ववें समागम में होगा प्रवेश, तैयारी में जुटे प्रबंधक
फरवरी 2027 तक रविवार के कार्यक्रमों की बुकिंग पूरी, 6 दिसंबर को स्टेशन रोड गुरुद्वारा में कार्यक्रम
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में गुरु नानक देव जी के संदेश और गुरबाणी कीर्तन से संगत को जोड़ने की मुहिम लगातार विस्तार ले रही है। इसी कड़ी में “अमृतवेला परिवार” जमशेदपुर की ओर से गोलपहाड़ी गुरुद्वारा साहिब में 143वां “आसा दी वार” शब्द कीर्तन समागम दूसरी बार बेहद उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित करने में कमेटी के पदाधिकारी जुट हुए हैं। रविवार सुबह साढ़े चार बजे से 6.30 बजे तक चलने वाले समागम में में गुरु जस गायन किये जायेंगे। समागम में गुरु शब्द के प्रति संगत की श्रद्धा और उत्साह देखते ही बनती है।
अमृतवेला परिवार का संदेश है कि अमृतवेला सच का नाम है और गुरु नानक देव जी के दरबार में सच्चे मन से जो भी अरदास की जाती है, गुरु कृपा से उसकी झोली खुशियों से भरती है। यही विश्वास संगत को लगातार इस आध्यात्मिक आयोजन से जोड़ रहा है।
अमृतवेला परिवार की ओर से प्रत्येक रविवार सुबह 4:30 बजे से 6:30 बजे तक शहर के अलग-अलग गुरुद्वारों में शब्द कीर्तन समागम आयोजित किया जाता है। इन आयोजनों में अमृतवेला की पूरी टीम निष्काम भाव से सेवा करती है। खास बात यह है कि फरवरी 2027 तक के कार्यक्रमों की बुकिंग हो चुकी है, जो इस पहल के प्रति संगत के बढ़ते प्रेम और विश्वास को दर्शाती है।
इस धार्मिक मुहिम को शहर के विभिन्न गुरुद्वारों की कमेटियों, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) और सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का भी सहयोग मिल रहा है। सामूहिक सहयोग से न केवल गुरबाणी का प्रचार-प्रसार हो रहा है, बल्कि अलग-अलग गुरुद्वारों की संगत के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता की भावना भी मजबूत हो रही है।
अमृतवेला परिवार ने बताया कि वर्ष 2027 में शहर के अलग-अलग गुरुद्वारों में सालाना शुकराना समागम आयोजित किए जाएंगे। परिवार ने जमशेदपुर की समूची संगत का तहेदिल से आभार जताते हुए कहा कि संगत के सहयोग और प्यार से ही यह सेवा निरंतर आगे बढ़ रही है।
इस पहल का एक सुखद पहलू यह भी है कि अब कई परिवार अपने बच्चों के जन्मदिन और शादी की सालगिरह जैसे खास अवसर भी अमृतवेला की संगत के बीच मनाने लगे हैं। परिवार इन अवसरों को गुरु घर की सेवा और गुरबाणी कीर्तन से जोड़कर गुरु नानक देव जी की खुशियां प्राप्त कर रहा है।
अमृतवेला परिवार के अनुसार, इस आयोजन का मूल उद्देश्य अधिक से अधिक संगत को गुरु शब्द से जोड़ना और गुरबाणी के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है। इसी क्रम में अगला अमृतवेला समागम 6 दिसंबर, रविवार को जुगसलाई स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में आयोजित किया जाएगा।


































