राज्य योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 24 को, नई कमिटी का गठन

फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन ऑफ योगासना स्पोर्ट्स (डब्ल्यूएफएफवाईएस-झारखंड चैप्टर)-2026 की ओर से आगामी 24 मई को आयोजित होनेवाली राज्यस्तरीय योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के सफल आयोजन को लेकर संगठन की नई कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया है. इस संबंध में आयोजित बैठक में विभिन्न पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा की गई. संस्था ने अंतर्राष्ट्रीय योगगुरु अंशु सरकार को संगठन का अध्यक्ष नियुक्त किया है.

वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रजीत घोष को संरक्षक बनाया गया है. नई कमिटी में अंजना कुमारी सिंह और विश्वजय चौधरी को उपाध्यक्ष, इंद्रजीत चक्रवर्ती को महासचिव, एमके शर्मा को कोषाध्यक्ष तथा जगदीश सिंह को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. नयी कमिटी के पदाधिकारियों को डब्ल्यूएफएफ योगासना इंटरनेशनल के अध्यक्ष शिवम भादुरिया तथा डब्ल्यूएफएफ योगा इंटरनेशनल की ऑर्गनाइजिंग डायरेक्टर रितु रावत ने अपनी शुभकामनाएं दी है.

नवनियुक्त अध्यक्ष अंशु सरकार ने कहा कि चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों के बीच जल्द ही जिम्मेदारियों का बंटवारा किया जाएगा. आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में तैयारी शुरू कर दी गई है. उन्होंने जानकारी दी कि यह राज्य योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 24 मई को कदमा गणेश पूजा मैदान के समीप स्थित आंध्रा एसोसिएशन इंग्लिश स्कूल के सभागार में आयोजित होगी.

इच्छुक प्रतिभागियों के शामिल होने के लिये 20 मई अंतिम तिथि निर्धारित की गई है. प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से योग खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. आयोजन में सरकार योगा एकेडमी भी सहयोगी संस्था के रूप में अपनी भूमिका निभाएगी. चैंपियनशिप के लिए प्रसाद नंदी को मुख्य निर्णायक तथा गौरांग सरकार को मुख्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है. आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि यह प्रतियोगिता राज्य में योगासना खेल को नई पहचान देने के साथ युवाओं को योग के प्रति प्रेरित करेगी.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version