फतेह लाइव, रिपोर्टर।
रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की फाउंडर आशा सिंह को प्रतिष्ठित ‘द आइकॉनिक बिजनेस अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। ‘द ग्लोबल बिजनेस’ द्वारा जमशेदपुर के होटल विवांता में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि और प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी के हाथों उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
आशा सिंह को यह सम्मान उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों,महिला सशक्तिकरण और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए दिया गया है। वे लंबे समय से समाज के वंचित तबके की मदद करने और विभिन्न सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं。
इस बड़े मंच पर उनके योगदान को सराहते हुए उन्हें ‘आउटस्टैंडिंग इवेंट ऑर्गनाइजर एंड सोशल वर्कर’ के खिताब से नवाजा गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद आशा सिंह ने कहा,”यह पुरस्कार केवल मेरा नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है जिन्होंने मेरी इस यात्रा में मेरा साथ दिया। यह सम्मान मुझे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा के साथ निभाने की प्रेरणा देता है।”
समारोह में जुटे देशभर के दिग्गज
ग्लोबल बिजनेस द्वारा आयोजित इस भव्य अवार्ड शो में बिहार, झारखंड और देश के विभिन्न राज्यों से आए नामचीन उद्योगपति, डॉक्टर, स्टार्टअप फाउंडर्स और बिजनेस लीडर्स शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के साथ-साथ शहर के कई गणमान्य लोगों का विशेष सहयोग रहा। आशा सिंह की इस सफलता पर जमशेदपुर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और शहरवासियों ने उन्हें बधाई दी है
































