शनिवार को स्टेशन रोड गुरुद्वारा में सजेगा विशेष दीवान, तैयारियां पूरी
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
सिखों के नौवें गुरु हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर साहेब की 350वीं शताब्दी को समर्पित जमशेदपुर की सामाजिक और धार्मिक संस्था बीर खालसा सेवा दल की ओर से दो दिवसीय विशेष कीर्तन दरबार का आगाज शुक्रवार को साकची गुरुद्वारा साहेब से हुआ. जहां दोनों टाइम सजे दीवान में पंथ प्रसिद्ध ज्ञानी बचित्र सिंह एवं रविंद्र सिंह यूके वाले ने गुरबाणी कीर्तन और कथा विचारों से संगत को गुरु घर से जुड़ने के लिए प्रेरित किया.
इस समय शहर की सिख संगत ने गुरु दरबार में हाजरी लगाई और गुरु घर की खुशियां प्राप्त की. इस मौके पर आयोजकों ने सिख विद्वानों को जमशेदपुर की संगत को दर्शन देने के लिए धन्यवाद किया और उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया. साकची गुरुद्वारा प्रधान पद के उम्मीदवारों क्रमशः निशान सिंह और हरविंदर सिंह मंटू ने भी गुरु दरबार में हाजरी लगाई. झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मठारू भी विशेष तौर से समागम में पहुंचे. सिख भाजपा नेता सतबीर सिंह सोमू, समेत कई लोगों ने गुरु दरबार में माथा टेका.
शनिवार दूसरे दिन का दीवान जुगसलाई स्टेशन रोड गुरुद्वारा में सजाया जायेगा. दल के सदस्यों ने इसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली है. आयोजन को सफल बनाने में हरबीर सिंह भाटिया, कार्यवाहक प्रधान निशान सिंह, गुरविंदर सिंह, हरजीत सिंह मोनू, महेंद्रपाल सिंह, रविंदर सिंह, चरणजीत सिंह, हरदीप सिंह छनिया, सुरजीत सिंह छिते, सतबीर सिंह सोमू सहयोग निभा रहे हैं.
इधर, सतबीर सिंह सोमू ने बताया कि हर साल की तरह बर्मामाइंस गुरुद्वारा में बाबा जगत सिंह का जोड़मेला संगत की ओर से मनाया जायेगा. सुबह 10 से 12.30 बजे तक विशेष दीवान उपरांत गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जायेगा.