न्यूनतम ₹32,831 से अधिकतम ₹86,350 तक बोनस, टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के बीच समझौता संपन्न
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के बीच गुरुवार को बोनस समझौता संपन्न हो गया। समझौते के तहत टिनप्लेट डिवीजन के कुल 843 कर्मचारियों के बीच लगभग 4 करोड़ 36 लाख रुपये की बोनस राशि वितरित की जाएगी।

टाटा स्टील जनरल ऑफिस के बोर्ड रूम में 03 सितंबर 2026 को आयोजित बैठक में प्रबंधन एवं यूनियन के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने बोनस समझौते पर हस्ताक्षर किए। समझौते के अनुसार कर्मचारियों को न्यूनतम ₹32,831 और अधिकतम ₹86,350 तक बोनस मिलेगा।
प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बोनस समझौते के दौरान प्रबंधन की ओर से कंपनी की चीफ पीपुल ऑफिसर अतरई सान्याल, सीएचआरओ इंडिया मैन्युफैक्चरिंग जुबिन पलिया, चीफ आईआर, लीगल एंड सीडब्ल्यूएम राहुल दुबे, चीफ टिनप्लेट अजय कुमार झा, चीफ एचआरबीपी सोनम रंजन, हेड एचआरबीपी दीपक वर्गीस, चीफ फाइनेंस आशीष चौधरी, गुरप्रीत सिंह, सीनियर एरिया मैनेजर (ईआर) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय और महासचिव मनोज कुमार सिंह ने किया प्रतिनिधित्व
टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महासचिव मनोज कुमार सिंह, उपाध्यक्ष परविंदर सिंह सोहल, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट साई बाबू राजू, वकील खान, जगजीत सिंह, सह सचिव संजय कुमार, विनय कुमार साहू, अमृत कुमार झा, निरंजन महापात्र, कोषाध्यक्ष संग्राम किशोर दास तथा सह कोषाध्यक्ष सूर्या भूषण शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
उज्ज्वल भविष्य और बेहतर औद्योगिक संबंधों की कामना
इस अवसर पर यूनियन के महासचिव मनोज कुमार सिंह, अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय और चीफ टिनप्लेट अजय कुमार झा ने अपने विचार रखे। सभी ने बोनस समझौते पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टिनप्लेट डिवीजन के निरंतर विकास, कर्मचारियों के हित और बेहतर औद्योगिक संबंधों की कामना की।
यूनियन की ओर से प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन भी दिया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि यह समझौता प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों का मजबूत प्रतीक है। बोनस समझौते के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद टिनप्लेट डिवीजन के कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।



































