फतेह लाइव, रिपोर्टर.
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस पार्टी के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जिला उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के SIR पर्यवेक्षक राहुल बल एवं जिला प्रभारी तथा प्रदेश महामंत्री शशिभूषण राय ने किया।
मुलाकात के दौरान राहुल बल ने उपायुक्त से आग्रह किया कि बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को गणना प्रपत्रों के वितरण और मतदाताओं को फॉर्म भरने में सक्रिय सहयोग देने का निर्देश दिया जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन लिंक एवं वेबसाइट के माध्यम से वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया को भी सरल और सुगम बनाया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रदेश महामंत्री शशिभूषण राय ने कहा कि SIR प्रक्रिया की सफलता के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाना आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रशासन विभिन्न माध्यमों से लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की जानकारी उपलब्ध कराए तथा विशेष रूप से महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर अभियान चलाया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची का सही और समयबद्ध पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में प्रशासन और चुनावी तंत्र की सक्रिय भूमिका से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी, विधानसभा प्रभारी ब्रजेंद्र तिवारी (JPCC) तथा एल. बी. सिंह सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।










