फतेह लाइव, रिपोर्टर.
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस महासचिव राजा ओझा ने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ अजय कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि डॉ अजय कुमार कार्यक्रमों में कांग्रेस का झंडा और बैनर इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस में गुटबाजी भी चरम पर है, जिसे ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मेंबर होने के नाते डॉ अजय कुमार को ठीक करना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में प्रतिनिधिमंडल जल्द ही कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और जिला प्रभारी से मिलेगा और मामले की जांच कर आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुटबाजी पर अंकुश लगाने के लिए आग्रह करेगा। राजा ओझा ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के पहले कार्यकर्ताओं में चर्चा का विषय बना हुआ था कि पूर्वी सिंहभूम लोकसभा सीट कांग्रेस के जिम्में होगा और डॉ अजय कुमार प्रत्याशी होंगे, लेकिन जमशेदपुर सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा कोटे में चली गई और महागठबंधन ने समीर कुमार मोहंती को यहां का प्रत्याशी बना दिया।
इधर पूर्वी सिंहभूम जिले में डॉ अजय कुमार के द्वारा कई बार चाय पर चर्चा ब्लड डोनेशन कैंप मेडिकल कैंप का आयोजन हो रहा है, लेकिन डॉ अजय कुमार को कांग्रेस आलाकमान कमान के द्वारा कई राज्यों का प्रभारी का दायित्व दिया गया है। इसके बावजूद कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई है। इससे डॉक्टर अजय कुमार भी अनभिज्ञ नहीं हैं। वहीं उन्होंने डॉक्टर अजय कुमार पर यह भी आरोप लगाया है कि वह कई लोगों को आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने का कथित रूप वायदा करते नजर आ रहे हैं। इन सब मामलों में पार्टी स्तरीय जांच की मांग की जाएगी।